

Highlights:
मध्य प्रदेश में बारिश का दौर थमते ही ठंड ने फिर पकड़ ली है रफ्तार।
मध्य प्रदेश में 8.4 डिग्री के साथ शाजापुर का गिरवर रहा सबसे ठंडा इलाका।
सबसे ठंडे इलाके के मामले में 9 डिग्री के साथ राजधानी भोपाल रही दूसरे नंबर पर।
मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक गिरने का जताया अनुमान।
Madhya Pradesh Weather Update : मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान के चलते हुई बारिश का दौर खत्म होते ही ठंड ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का असर अब प्रदेश में बढ़ती ठंड के रूप में दिखने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। बीते दिन शाजापुर जिले का गिरवर 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं राजधानी भोपाल में भी ठंड अचानक बढ़ गई है। यहां एक ही रात में पारा 3.4 डिग्री लुढ़ककर 9 डिग्री पर पहुंच गया।
भोपाल में इससे पहले न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अब गिरकर 9 डिग्री पर आ गया है। गिरवर के बाद भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में रहा। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते कई शहरों में भी तापमान तेजी से नीचे आया है। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री, जबलपुर में 12.6 डिग्री और इंदौर में 13.2 डिग्री, दमोह में 9.2 , कटनी के करौंदी में 10.2, नीमच के मरुखेड़ा में 10.6 और रायसेन-रीवा में 11 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले तीन दिनों तक चक्रवात अकवान और ट्रफ के असर से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश हुई थी। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश के कारण रात का तापमान बढ़ गया था। अब बारिश का दौर थम चुका है और मौसम साफ होने के साथ उत्तर से ठंडी हवाएं आने लगी हैं। इसी वजह से रात में ठंड बढ़ गई है।
भोपाल मौसम केंद्र का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। इससे प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। दिन में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को दिन के समय भी सर्दी महसूस होगी।