करवाचौथ पर मायके जाने की बात कहकर निकली थी महिला।
मायके नहीं पहुंचने पर पति ने पिता को घर बुलाया।
पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ा और महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने पति और पिता दोनों को गिरफ्तार किया।
Morena Wife Murder Case: मुरैना के पोरसा में करवाचौथ पर मायके जाने की बात कहकर घर से निकली महिला की उसके पति और पिता ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। महिला अगले दिन घर लौट आई, लेकिन पति को पता चला कि वह मायके पहुंची ही नहीं थी। इसी बात को लेकर पति ने महिला के पिता को घर बुलाया।
दोनों ने महिला से पूछताछ की और विवाद बढ़ने पर उसकी हत्या कर दी। पहले साफी से गला घोंटा और फिर कमरे में रखी ईंट से चेहरे पर कई वार किए। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पति और पिता दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुरा गांव निवासी 32 वर्षीय पूजा पत्नी रामकिशोर तोमर करवा चौथ के दिन पति को मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी। रविवार को वह वापस घर लौट आई। इस बीच पति रामकिशोर को पता चला कि पूजा अपने मायके पहुंची ही नहीं थी। उसने पत्नी से कई बार पूछा कि वह रातभर कहां रही, लेकिन पूजा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
रामकिशोर ने रविवार शाम पूजा के पिता विजयपाल पवैया को घर बुला लिया। पति और पिता ने मिलकर पूजा से पूछताछ की। इस दौरान विवाद भी हुआ। सोमवार सुबह एक बार फिर इसी बात को लेकर पूछताछ शुरू हुई। इसी बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, आक्रोश में आकर पूजा के पिता विजयपाल ने उसके गले में साफी डालकर कस दी और उसे घसीटते हुए कमरे में ले गया। झगड़े की आवाज सुनकर रामकिशोर के चचेरे भाई राजकिशोर तोमर मौके पर पहुंचे। वह कुछ समझ पाते और पूजा को बचाने का प्रयास करते, इससे पहले पति रामकिशोर ने कमरे की कुंडी लगा दी। इसके बाद कमरे में रखी ईंट से विजयपाल ने पूजा के चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते पूजा की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद रामकिशोर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगरा थाना पुलिस ने पति रामकिशोर और पिता विजयपाल पवैया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है। मुरैना पुलिस ने मृतका के चचेरे देवर राजकिशोर तोमर की शिकायत पर आरोपी पति रामकिशोर और पिता विजयपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।