Morena Footwear Business Fraud : मुरैना में फुटवियर व्यापारी से सवा करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने करीब 7 महीने से फरार चल रही 5 हजार रुपये की इनामी आरोपी युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विजयपुर निवासी साक्षी मुदगल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे ग्वालियर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
मामला महावीरपुरा यादव कॉलोनी निवासी प्रमोद पुत्र द्वारका प्रसाद राठौर के फुटवियर कारोबार से जुड़ा है। उनकी फर्म रेडा रानी ट्रेडर्स में आगरा के इरादतनगर निवासी कपिल पुत्र दिनेश बंसल मैनेजर के तौर पर काम करता था। आरोप है कि कपिल ने फुटवियर की खरीद और सप्लाई के लिए फर्जी फर्में तैयार कीं और व्यापारी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।
मुरैना पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल के दौरान फुटवियर व्यापारी की करीब 1.25 करोड़ रुपये की रकम कथित तौर पर कपिल ने अपनी प्रेमिका साक्षी मुदगल और अन्य परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। सितंबर 2025 में व्यापारी को कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इसके बाद कपिल 12 सितंबर 2025 को फरार हो गया।
फुटवियर व्यापारी की शिकायत पर 4 फरवरी 2026 को पुलिस ने मामला दर्ज किया। FIR में कपिल की प्रेमिका साक्षी मुदगल के अलावा उसके मामा संजय गुप्ता और ग्वालियर निवासी जितेंद्र सैलानी के नाम भी शामिल किए गए। पुलिस ने करीब चार महीने पहले कपिल, संजय और जितेंद्र को गिरफ्तार किया था। जेल जाने के बाद तीनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
साक्षी मुदगल लंबे समय तक फरार रही, जिसके बाद एसपी धर्मराज मीणा ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, कपिल और साक्षी के बीच 65 लाख रुपये से ज्यादा के लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस को शक है कि इन लेन-देन का संबंध कथित धोखाधड़ी की रकम से हो सकता है।
एसआई पवन भदौरिया और महिला पुलिस टीम ने साक्षी को विजयपुर से ग्वालियर जा रही बस से गिरफ्तार किया। पुलिस अब उससे कथित धोखाधड़ी में उसकी भूमिका और रकम के लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है। फुटवियर व्यापारी का कहना है कि सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, लेकिन अभी तक एक रुपये की भी रकम बरामद नहीं हुई है। उसने साक्षी पर उसके खिलाफ झूठी शिकायतें करने का आरोप भी लगाया है।