

Ujjain Short Encounter : उज्जैन में दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नीलगंगा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी सोनू पिता विजय बहादुर पासी और छोटू गोल्डन उर्फ विजय पिता सीताराम सूर्यवंशी शनिवार रात इंदौर रोड स्थित कोरहन गांव में अपनी बहन के घर छिपे हुए थे।
पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लिया, लेकिन आगे ले जाते समय दोनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों के पैरों में गोली मारी गई और उन्हें पकड़ लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उज्जैन पुलिस के मुताबिक, नीलगंगा इलाके में रहने वाले पासी और गोरकर परिवार के बीच होली के दौरान एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 18 जुलाई की रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, तलवार और पत्थरों से हमला हुआ।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान पासी परिवार के सदस्यों ने चार राउंड फायर किए। गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके बड़े भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 19 जुलाई को जय गोरकर की भी मौत हो गई। इस घटना में दो सगे भाइयों लोकेश और जय की जान चली गई।
परिजनों के मुताबिक, जय की शादी करीब दो साल पहले हुई थी, जबकि लोकेश की शादी की बात चल रही थी। दोनों भाइयों के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। दोहरे हत्याकांड के बाद परिवार में अब उनकी मां ही बची हैं।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी नरेश पासी को 19 जुलाई को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर लोकेश, राकेश, बंटी और मंजू बाई को भी गिरफ्तार किया गया था। वहीं सोनू पासी और छोटू गोल्डन उर्फ विजय समेत तीन आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील के मुताबिक, शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि उज्जैन के दोहरे हत्याकांड में फरार सोनू पासी और छोटू गोल्डन उर्फ विजय इंदौर रोड स्थित कोरहन गांव में अपनी बहन के घर छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई के साथ फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।