Morena BJYM Shyam Taylor: मध्य प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर मुरैना पहुंचे। उनके साथ भाजपा युवा नेता देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर भी मौजूद रहे। भिंड से सड़क मार्ग द्वारा यात्रा करते हुए दोनों नेता रात्रि करीब 8 बजे मुरैना पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने एमएस रोड पर पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद श्याम टेलर जीवाजी गंज स्थित गर्ग सेवा सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर स्टेडियम के पास स्थित मेला ग्राउंड पहुंचे, जहां चल रहे क्रिकेट महापौर कप में उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। बाद में वे सड़क मार्ग से ग्वालियर के लिए रवाना हो गए।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्याम टेलर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह हार की झुंझलाहट में मुद्दाविहीन राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार बेबुनियाद मुद्दों को उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर जांच कर रही है और दोषियों पर कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब सिर्फ नौकरी पर निर्भर नहीं है, बल्कि स्टार्टअप और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत युवाओं को व्यापक अवसर मिल रहे हैं और मुद्रा योजना के जरिए करोड़ों रुपए के ऋण लेकर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उनके अनुसार भारत का युवा अब स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार देने वाला बन रहा है। महंगाई को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि तुलना करने पर स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा सरकार में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कांग्रेस पर “हार की झुंझलाहट” में बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्यप्रदेश दौरे पर इंदौर पहुंचीं, राज्यपाल और सीएम ने किया एअरपोर्ट पर स्वागत
संगठनात्मक प्रक्रिया पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम करती है और जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित कैलेंडर के अनुसार पूरी की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।