केंद्र सरकार ने 14 खरीफ फसलों की MSP में बढ़ोतरी को दी मंजूरी, सीएम मोहन यादव ने जताया आभार

MSP For Kharif Crops: केंद्र सरकार ने खरीफ की 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले से एमपी के किसानों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएम मोदी का आभार जताया है।
Madhya Pradesh Farmers News
सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Madhya Pradesh Farmers News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के लिए आभार माना है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं। पीएम की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। केंद्र सरकार ने किसानों के हित संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मध्यप्रदेश के किसानों को इन सभी प्रावधानों का लाभ मिलेगा।

किसान कल्याण के लिए कई गतिविधियां आयोजित

सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में साल 2026 में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत अनेक गतिविधियों आयोजित की जा रही हैं। हर महीने किसानों के कल्याण के लिए उन्नत यंत्रों की प्रदर्शनियां, किसान हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही किसानों को नई कृषि तकनीक के प्रशिक्षण का लाभ दिलवाया जा रहा है।

किसानों को होगा लाभ

सीएम मोहन यादव के मुताबिक केंद्र सरकार द्वारा फसलों के न्यूनत समर्थन मूल्य में वृद्धि किए जाने से मध्यप्रदेश और देश के किसान प्रत्यक्ष तौर पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश श्री अन्न उत्पादन में आगे है। इस नाते प्रदेश के रागी, मक्का, ज्वार और बाजरा उत्पादक किसानों को इस फैसले से विशेष लाभ होगा।

2026-27 के लिए खरीफ फसलों के MSP में बढ़ोतरी

केन्द्रीय मंत्रिमंडलीय समिति ने सूरजमुखी बीज के एमएसपी में सबसे अधिक 622 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि के साथ कपास में 557 रुपए प्रति क्विंटल, नाइजर सीड में 515 रुपए प्रति क्विंटल और तिल में 500 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। उत्पादन लागत पर किसानों को अनाजों में सर्वाधिक मूंग में सबसे अधिक 61 प्रतिशत लाभ रहने का अनुमान है।

अरहर में 54% लाभ का अनुमान

बाजरा और मक्का में 56 प्रतिशत और अरहर में 54 प्रतिशत लाभ का अनुमान है। जहां उड़द में यह प्रतिशत 51 है, वहीं रागी, हाइब्रिड ज्वार और धान में लागत पर 50 प्रतिशत लाभ किसानों को मिलेगा। तिलहन फसलों में मूंगफली, सूरज मुखी के बीज, तिली सोयाबीन, तिल,नायजर सीड और मध्यम रेशे के कपास में किसानों को लागत पर मार्जिन 50-50 प्रतिशत का अनुमान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com