Highlights :
खंडवा में शनिवार सुबह करीब 9 बजे हल्के झटके महसूस होने की सूचना।
सेठी नगर, सामंती नगर और संजय नगर सहित कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया।
झटके महसूस होते ही कुछ लोग घरों से बाहर निकल आए।
Earthquake Felt in Khandwa City : एमपी के खंडवा शहर में शनिवार सुबह करीब 9 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जाने की सूचना सामने आई। सुबह के समय अचानक कुछ सेकंड के लिए जमीन में कंपन महसूस होने से लोगों में हलचल मच गई। कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
खंडवा शहर के सेठी नगर, सामंती नगर, भंडारिया रोड, संजय नगर और सिंहाड़ा रोड सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों ने हल्के झटके महसूस होने की बात कही। कुछ लोगों के मुताबिक, कंपन के दौरान घरों में रखे सामान में भी हलचल महसूस हुई। अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए लोगों में चिंता और कौतूहल का माहौल बन गया।
कंपन महसूस होने के बाद लोग एक दूसरे को फोन कर घटना की जानकारी लेने लगे। कई लोग अपने परिचितों से ये पुष्टि करते नजर आए कि उनके इलाके में भी झटके महसूस हुए हैं या नहीं।
खरगोन, खंडवा और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर खरगोन क्षेत्र में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
खंडवा जिले और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए हैं। बीते तीन वर्षों की प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं
12 सितंबर 2025 : सुबह करीब 8:46 बजे खंडवा में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर था।
4 जून 2025 की रात : रात करीब 9:57 बजे खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर में 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र खंडवा से करीब 66 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा के पास, अमरावती के नजदीक बताया गया था।
21 जून 2024 : सुबह 9:04 बजे खंडवा और पंधाना क्षेत्र में 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र खंडवा के आसपास जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था।