

Highlights :
जीतू पटवारी ने इंदौर के रेडिसन होटल में दिव्यांग और दृष्टिबाधित बच्चों के साथ मनाई दीपावली।
पत्नी रेणुका पटवारी और परिवार के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में हुए शामिल।
इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट को लेकर नगर निगम और भाजपा परिषद पर निशाना।
देवास शराब कांड पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को दी चुनौती।
Jitu Patwari Diwali Celebration With Visually Impaired Children : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर के रेडिसन होटल में दिव्यांग और दृष्टिबाधित बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उनकी पत्नी रेणुका पटवारी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। दिवाली मिलन एवं स्नेह भोज कार्यक्रम में पटवारी ने बच्चों के साथ भोजन किया और उनके साथ त्योहार मनाया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट, देवास शराब कांड, अवैध शराब के कारोबार और सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और नगर निगम पर भी निशाना साधा।
जीतू पटवारी ने बताया कि पिछले साल व्यस्तताओं के चलते दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली मनाने का कार्यक्रम नहीं हो पाया था। इसके बाद प्रकाश नगर स्थित दृष्टिबाधित बच्चों के आश्रम से फोन आया। बच्चों ने उनसे पूछा कि भैया, इस बार भूल गए क्या, बच्चों के इसी अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव ने उन्हें फिर उनके बीच पहुंचने के लिए प्रेरित किया। पटवारी ने कहा कि उनकी इच्छा है कि समाज के विशेष और दिव्यांग बच्चों को भी फाइव स्टार होटल में आने, अच्छा भोजन करने और त्योहार की खुशियों का आनंद लेने का अवसर मिले। कार्यक्रम में परिवार के बेटे, बहुएं, बच्चियां और नातिनें भी शामिल हुईं।
जीतू पटवारी की पत्नी रेणुका पटवारी ने कहा कि लाखों करोड़ों रुपये खर्च करने से वह खुशी नहीं मिलती, जो इन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर मिलती है। उन्होंने कामना की कि इन बच्चों को भी सामान्य बच्चों की तरह सभी अवसर मिलें, अच्छी शिक्षा मिले और वे जीवन में आगे बढ़ें। परिवार के सदस्यों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और दीपावली की खुशियां साझा कीं।
मीडिया से चर्चा में जीतू पटवारी ने इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट को लेकर नगर निगम और भाजपा परिषद पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंदौर का लगातार नंबर वन रहना पूरे शहर के लिए गर्व की बात थी। इसमें शहर के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों की मेहनत का बड़ा योगदान था, लेकिन अब रैंकिंग में गिरावट प्रशासनिक अक्षमता, महापौर की अकर्मण्यता और परिषद के भ्रष्टाचार का परिणाम है। पटवारी ने भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और चैंबर में लोगों की जान जाने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिम्मेदारों को अपनी गलती स्वीकार कर शहर की जनता से माफी मांगनी चाहिए। इसके बजाय जिम्मेदारों की ओर से अहंकार दिखाया जा रहा है।
देवास शराब कांड और प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को लेकर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उन्हें बुलाएं, वे 30 दिन में 50 प्रतिशत शराब माफिया का सफाया कर देंगे। इस संबंध में वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर और सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुके हैं।
पटवारी ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार रोकना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। डिस्टलरी से शराब दुकानों और अन्य स्थानों तक पहुंचती है। प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी रहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री यह निर्णय लें कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध या जहरीली शराब बिकेगी, वहां के टीआई को एक साल तक सस्पेंड किया जाएगा। ऐसा होने पर आधी अवैध शराब अपने आप बंद हो जाएगी।
सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर भी जीतू पटवारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों और घटनाक्रमों को पुस्तक के माध्यम से देश और दुनिया के सामने रखा है। प्रधानमंत्री पद का त्याग करने का उदाहरण मिलना मुश्किल है। पटवारी ने कहा कि विदेश से आकर भारत की बहू बनना और यहां की संस्कृति को आत्मसात करना भी एक दुर्लभ उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के हर पहलू को पुस्तक में सत्यता के साथ रखा है और यही वजह है कि किताब को बड़ी संख्या में पाठक मिल रहे हैं।