Khandwa Heavy Rain : खंडवा जिले में सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में तेज बारिश होने से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। लगातार बारिश के चलते कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं क्षेत्र की प्रमुख सिंचाई परियोजना भगवंत सागर बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद एक बार फिर ओवरफ्लो की स्थिति बन गई है। बांध के पांच गेट खोलकर करीब 416.498 क्यूमेक्स पानी की निकासी की जा रही है।
लगातार बारिश के चलते भगवंत सागर बांध में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार ओवरफ्लो की स्थिति बनी है। इससे पहले हुई बारिश के दौरान बांध के दो गेट खोले गए थे। सोमवार से बुधवार तक हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह चार गेट करीब एक मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा था। दोपहर में जलस्तर और बढ़ने के बाद पांचवां गेट भी खोलना पड़ा। इसके बाद बांध से करीब 416.498 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाने लगा। लगातार पानी की निकासी से बांध के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ गई है।
लगातार हो रही बारिश का असर इंदिरा सागर बांध पर भी दिखाई दे रहा है। लंबे समय बाद बांध के जलस्तर में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आसपास के जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ने से बांध का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। मौसम का यही रुख बना रहा तो आने वाले दिनों में इंदिरा सागर बांध के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना है।
भारी बारिश के बाद अमला नदी भी उफान पर आ गई। बुधवार दोपहर नदी का पानी पंधाना रोड स्थित पुल के ऊपर तक पहुंच गया। पानी बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर तैनात किया गया। सुरक्षा को देखते हुए पुल के दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब दो घंटे तक यातायात बंद रहने से पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। नदी का जलस्तर कम होने के बाद यातायात को फिर से बहाल किया गया।
लगातार बारिश के कारण खंडवा शहर के कई निचले इलाकों में भी पानी भर गया। सड़कों और गलियों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह बारिश का पानी घरों और दुकानों के आसपास तक पहुंच गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार नदी-नालों और जलाशयों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
नदी-नालों में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को तेज बहाव वाले पानी और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कर रही हैं। बारिश का दौर जारी रहने से आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।