MP Weather: मध्यप्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में 4 इंच से ज्यादा पानी गिरने की संभावना

MP Heavy Rain Alert : मध्यप्रदेश में आज भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इंदौर संभाग के 5 जिलों में 4 इंच से ज्यादा बारिश का अलर्ट, 527 बाढ़ प्रभावितों को रेस्क्यू किया।
MP Weather Heavy Rain Alert
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Madhya Pradesh Weather Update : मध्यप्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मानसून सीजन का अब तक का सबसे स्ट्रॉन्ग सिस्टम बुधवार को भी एक्टिव रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इसका सबसे ज्यादा असर इंदौर और उज्जैन संभाग में देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदियां उफान पर हैं और भोपाल व उज्जैन संभाग के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बारिश को देखते हुए भोपाल, रायसेन और गुना में बुधवार को सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन संभाग के पांच जिलों रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 इंच या इससे ज्यादा बारिश हो सकती है। लगातार हो रही बारिश के कारण इन जिलों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन को निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

27 जिलों में तेज बारिश के आसार

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और जबलपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

तीन दिन में 527 बाढ़ प्रभावितों का रेस्क्यू

प्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भोपाल समेत आधे से ज्यादा प्रदेश में तेज बारिश हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित लोगों का हाल जाना। प्रदेश में अब तक 527 बाढ़ प्रभावित लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। भोपाल में दो दिन में करीब 8 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई, जिससे करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी भर गया।

राजगढ़ में 9 इंच तक बारिश, कई इलाकों में जलभराव

पिछले 24 घंटे में राजगढ़ जिले के ब्यावरा में करीब 9 इंच, खिलचीपुर में 8 इंच और जीरापुर में 7.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। राजगढ़ शहर में 4.4 इंच, नरसिंहपुर और पचोर में 3.7 इंच तथा सारंगपुर में 3.6 इंच बारिश हुई। आगर-मालवा के सोयतकलां में 7.7 इंच और आगर शहर में 3.6 इंच बारिश दर्ज की गई। शाजापुर के गुलाना में 3.8 इंच, गुना के कुंभराज में 3.7 इंच और शाजापुर शहर में 3.4 इंच बारिश हुई। मंदसौर के गरोठ तथा उज्जैन के महिदपुर-माकड़ोन में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें : MP में बड़ी कार्रवाई: कहीं आप तो नहीं खा रहे हैं ये घी, 2234 सैंपल में 73 फेल, 3 खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित

लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ से बारिश, अगले चार दिन अहम

मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर क्षेत्र में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ एक्टिव है, जबकि दक्षिणी हिस्से से एक अन्य ट्रफ गुजर रही है। इसी सिस्टम के कारण प्रदेश में पिछले 72 घंटे से बारिश का दौर जारी है और बुधवार को भी इसका असर बने रहने की संभावना है। मौसम एक्सपर्ट शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात एक्टिव हुआ है। इसके प्रभाव से करीब 12 अगस्त के आसपास नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। ऐसे में मध्यप्रदेश के लिए अगले चार दिन मौसम के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com