निदान वाटरफॉल (फोटो सोर्स- नवभारत) 
जबलपुर

जबलपुर: निदान फॉल में अचानक बढ़ा जलस्तर, 30 फीट गहरे कुंड में फंसे दो युवकों का 3 घंटे बाद सफल रेस्क्यू

Two Youths Trapped Waterfall: कटंगी स्थित निदान वाटर फॉल में अचानक जलस्तर बढ़ने से 30 फीट गहरे कुंड की चट्टान पर दो युवक फंस गए। एसडीईआरएफ, पुलिस और वन विभाग की टीम ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रीतेश जैन

Jabalpur Nidan Waterfall Rescue : जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल निदान वाटर फॉल में बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने से दो युवक करीब 30 फीट गहरे कुंड के बीच स्थित चट्टान पर फंस गए। दोनों लगभग तीन घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे, लेकिन जलस्तर लगातार बढ़ता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग और बाद में एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार अधारताल थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी हर्ष शुक्ला और आर्यन बर्मन निदान वाटर फॉल घूमने पहुंचे थे। दोनों युवक वाटर फॉल के नीचे स्थित कुंड तक चले गए। इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते शाम होते-होते फॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि दोनों युवक वापस किनारे पर नहीं आ सके और बीच में स्थित एक चट्टान पर फंस गए।

पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना को देख वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती स्तर पर दोनों युवकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए, लेकिन तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू करना संभव नहीं हो पाया। स्थिति को देखते हुए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया।

3 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला

देर शाम एसडीईआरएफ के प्रशिक्षित जवान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जोखिम भरे हालात के बीच करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। राहत की बात यह रही कि दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

लोगों से सावधान रहने की अपील

घटना के बाद प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले, झरनों और वाटर फॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें। लगातार बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे कुछ ही मिनटों में सामान्य स्थिति जानलेवा बन जाती है। प्रशासन द्वारा ऐसे स्थानों पर बार-बार चेतावनी जारी की जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर प्रतिबंधित या खतरनाक क्षेत्रों में चले जाते हैं। इससे न केवल उनकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि उन्हें बचाने वाले रेस्क्यू दल के जवानों को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

गुरपतवंत सिंह पन्नू हत्या साजिश मामले में निखिल गुप्ता दोषी करार, अमेरिकी अदालत ने सुनाई 235 महीने की सजा

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: 419 पंचायत समितियों में 275 में कांग्रेस जीती, भाजपा को सिर्फ 63

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, राहुल गांधी बोले- गांवों ने बीजेपी को जवाब दे दिया

मुंबई में जुटेंगे 60 देशों के 4,000 से अधिक हिंदू प्रतिनिधि, 18-20 दिसंबर तक होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026

Manipur Liquor Tragedy: मणिपुर में जहरीली शराब से 15 की मौत, 200 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती