Miyawaki Forest Technique Plantation Drive Jabalpur: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को जबलपुर प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने शहरवासियों को विकास, स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े अर्बन नेचर पार्क की उपलब्धि हासिल कर चुके डुमना नेचर पार्क के साथ अब एक और उपलब्धि जुड़ गई है, मुख्यमंत्री ने डुमना नेचर पार्क में वृक्षारोपण कर 11 लाख पौधे लगाने का अभियान शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने डुमना पार्क में स्वागत के लिए मौजूद स्कूली छात्र छात्राओं से आत्मीय मुलाकात की, इस दौरान "कैच द रेन" अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का अवलोकन भी किया, इस तकनीक के माध्यम से बारिश के पानी को नदी नाले में बहाने की बजाय सीधे जमीन के अंदर पहुंचाया जाता है ताकि वाटर लेवल बढ़ाया जा सके।
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के आह्वान पर देशभर में 25 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का अभियान चल रहा है और मध्यप्रदेश के विभिन्न नगर भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं उन्होंने कहा कि जबलपुर में मियावाकी पद्धति से 11 लाख पौधे लगाने का संकल्प पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर एक एकड़ भूमि में लगभग 400 पौधे लगाए जाते हैं जबकि मियावाकी पद्धति में तीन लेयर में 8 से 12 हजार पौधे लगाए जा सकते हैं। इस तकनीक से मात्र तीन वर्षों में घना और प्राकृतिक जंगल तैयार हो जाता है जिसे दुनिया के कई देशों ने अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल है तो जीवन है, इसलिए पौधारोपण और जल संरक्षण दोनों को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह एक उपचुनाव है जो न्यायालय के निर्णय के बाद रिक्त हुई सीट पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है। नए नए मुद्दे सामने आते रहते हैं लेकिन परसों जनता अपना फैसला सुना देगी और सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
डुमना नेचर पार्क में वृक्षारोपण अभियान को निरंतर चलाने वाली कदम संस्था के सदस्य भी मौजूद थे जिन्होंने पार्क को "गोल्डन ट्री गार्ड" प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने गोल्डन ट्री गार्ड भी देखा और संस्था की जमकर सराहना की।
यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: मतदान के बाद तेज हुई बयानबाजी, दामोदर यादव ने भाजपा-कांग्रेस पर लगाए सांठगांठ के आरोप
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया में 5 एकड़ के पौध- पहचान पार्क, डुमना में नवग्रह वाटिका तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कैच द रेन अभियान के तहत सोकपिट निर्माण की भी शुरुआत की। पर्यावरण संरक्षण के साथ ईंधन बचत का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डुमना नेचर पार्क से ट्रैवलर वाहन में सवार होकर गीता भवन घंटाघर के लिए रवाना हुए जहां वे आगामी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
https://youtu.be/sLqCtOenujY?si=WzaDVT_G2Gqkmbto