इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल फोटो सोर्स- नवभारत
इंदौर

इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी और धरना

Indore Nagar Nigam News : इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। विजयनगर कार्यक्रम स्थल के बाहर कर्मचारियों ने नारेबाजी और धरना दिया। सांसद ने CM से मुलाकात का आश्वासन दिया।

अंशुल मुकाती, प्रीतेश जैन

Indore Safai Karmchari Strike : इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान मुख्यमंत्री के इंदौर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी विजयनगर चौराहे स्थित कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंच गए। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मौके पर जमकर नारेबाजी की और सड़क पर धरना दे दिया। कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी को रोककर अपनी समस्याएं बताने की कोशिश की। इस दौरान कई भाजपा नेताओं का भी कर्मचारियों ने घेराव किया। कर्मचारी नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर नेताओं के सामने नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

महिला नेत्री के कथित अपशब्दों पर बढ़ा विवाद

इंदौर में प्रदर्शन के दौरान उस समय विवाद और बढ़ गया, जब कर्मचारियों के मुताबिक एक भाजपा महिला नेत्री ने उनके साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारी और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। मामले के बाद कार्यक्रम स्थल के बाहर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सीएम से मुलाकात का आश्वासन

हंगामे के बीच सांसद शंकर लालवानी ने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनके पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याएं और मांगें सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखी जा सकेंगी। प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना पक्ष नेताओं के सामने रखा।

15 से ज्यादा जगहों पर कचरा फेंके जाने के मामले

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच इंदौर में 15 से ज्यादा स्थानों पर निगम के सफाई वाहनों से ही सड़कों पर कचरा फेंके जाने के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं को लेकर सफाई कर्मचारी नेताओं की ओर से सफाई दी जा रही है। उनका कहना है कि आंदोलन को बदनाम करने और खत्म कराने के लिए समाज के ही कुछ लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं। इन घटनाओं के कारण हड़ताल को लेकर विवाद और बढ़ गया है।

भाजपा नेताओं ने शहरवासियों से की अपील

वहीं सांसद शंकर लालवानी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। नेताओं ने लोगों से सड़कों पर कचरा नहीं फैलाने और शहर की स्वच्छता में सहयोग करने को कहा है। हालांकि, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं और हड़ताल लंबी खिंचने पर स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

INDIA Alliance Protest Live: जंतर-मंतर पर सियासी रण; पुलिस हिरासत में राहुल, प्रियंका गांधी

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़े राहुल गांधी, बोले- 100 FIR भी मंजूर, हर केस मेरे लिए मेडल

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहनेगी बॉडी कैमरा? दिल्ली HC के फैसले का मतलब समझें

PM Modi 25 Years of Seva Live: जनसेवा के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प की ली शपथ, अमित शाह ने गिनाई उपलब्धियां