सागर नगर निगम कर्मचारियों का हल्लाबोल, 13 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी

Sagar Nagar Nigam News : सागर नगर निगम के कर्मचारियों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
Sagar Municipal Employees Protest
प्रदर्शनकारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Sagar Municipal Employees Protest: सागर नगर निगम में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने निगम परिसर में धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मांगों का जल्द समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन तथा अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।

दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चले धरना प्रदर्शन के दौरान नगर निगम परिसर का माहौल पूरी तरह आंदोलनमय नजर आया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी कामकाज छोड़कर धरने में शामिल हुए, जिसके चलते कई शाखाओं में काम प्रभावित रहा। निगम कार्यालय पहुंचे नागरिकों और हितग्राहियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए घंटों इंतजार करते दिखाई दिए।

लंबे समय से कर रहे मांग

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

ये है प्रदर्शनकारियों की मांगें

धरना दे रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमित वेतन भुगतान, जीपीएफ और एनपीएस की लंबित राशि कर्मचारियों के खातों में जमा करना, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, सेवानिवृत्त एवं दिवंगत कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान, महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, समयमान वेतनमान का लाभ तथा सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश प्रदान करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों का सीधा संबंध उनके आर्थिक और सामाजिक हितों से है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे, बुधवार को सामूहिक हड़ताल करेंगे और इसके बाद भी मांगों पर निर्णय नहीं होने की स्थिति में गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है असर

नगर निगम कर्मचारियों के आंदोलन को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था, राजस्व कार्य और अन्य नागरिक सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अब सभी की नजर निगम प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए क्या पहल की जाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com