Air India Flight Theft News: इंदौर-मुंबई फ्लाइट में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हवाई यात्रियों के सामान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एअर इंडिया की मुंबई से इंदौर आ रही फ्लाइट में एक यात्री के बैग से कीमती सामान गायब हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इंदौर निवासी फर्नीचर व्यापारी हिमांशु गुप्ता मुंबई से इंदौर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग विमान के लैगेज सेक्शन में रखा था। इंदौर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपना सामान चेक किया, तो बैग से कई महंगी चीजें गायब मिलीं।
चोरी हुए सामान में एक Rado की घड़ी, ब्रांडेड परफ्यूम और लेदर बेल्ट शामिल हैं। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत एरोड्रम थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैगेज हैंडलिंग या शिफ्टिंग के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैग से सामान चोरी किया गया हो सकता है।
ये भी पढ़ें : बरगी हादसा: क्रूज के री-फिट पर 38 लाख खर्च फिर कैसे खराब हुआ इंजन? लापरवाही या भ्रष्टाचार, खड़े हो रहे सवाल
जांच के तहत एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संबंधित स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद हवाई यात्रियों के सामान की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।