Highlights:
इंदौर में फाइबर मैट कारोबार के सौदे के दौरान 25 लाख रुपये की ठगी का आरोप।
होटल में रुपये से भरा बैग बदलकर व्यापारी को दूसरा बैग देने की बात सामने आई।
रामचंद्र मलिक और अनिल कुमार के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।
Indore 25 Lakh Fraud : इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में फाइबर मैट के कारोबार के नाम पर एक व्यापारी से 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने व्यापारिक सौदे के बहाने व्यापारी को होटल में बुलाया और रुपये से भरा बैग बदलकर फरार हो गए। व्यापारी को ठगी का पता तब चला, जब वह ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचकर सूटकेस खोलने लगा। शिकायत के बाद विजयनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, लसूड़िया थाना क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप में रहने वाले व्यापारी अंकुर शर्मा की सितंबर में रामचंद्र मलिक और अनिल कुमार नाम के दो लोगों से पहचान हुई थी। दोनों ने खुद को मुंबई का निवासी बताते हुए व्यापारी के साथ फाइबर मैट के कारोबार का सौदा किया था। इसी सिलसिले में 11 अक्टूबर को व्यापारी और दोनों आरोपियों की विजयनगर थाना क्षेत्र के एक होटल में मुलाकात हुई। आरोप है कि इस दौरान व्यापारी से करीब 25 लाख रुपये लिए गए।
आरोप के मुताबिक, होटल में लेन-देन के दौरान दोनों लोगों ने रुपये से भरा बैग बदल दिया और व्यापारी को दूसरा बैग थमा दिया। इसके बाद उन्होंने व्यापारी से कहा कि वह ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचकर माल ले ले। व्यापारिक सौदे पर भरोसा करते हुए अंकुर शर्मा ट्रांसपोर्ट नगर पहुंच गए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि बैग बदलकर उनके साथ ठगी की गई है।
ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचने के बाद व्यापारी ने सूटकेस खोला, तो उसमें 25 लाख रुपये नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने दोनों आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद मिले। ठगी का एहसास होने पर व्यापारी उसी होटल पहुंचे, जहां दोनों से मुलाकात हुई थी। हालांकि, तब तक दोनों आरोपी होटल से चेकआउट कर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद व्यापारी ने विजयनगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रामचंद्र मलिक और अनिल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। इंदौर पुलिस व्यापारिक सौदे के दौरान हुई घटना और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।