सेवा संकल्प अभियान के मंच पर नहीं गईं इमरती देवी फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
ग्वालियर

सेवा संकल्प अभियान के मंच पर नहीं पहुंचीं इमरती देवी, कहा - ‘मंच पर हत्यारे बैठे हैं, समय सबका बदलता है’

Seva Sankalp Abhiyan Dabra : डबरा में सेवा संकल्प कार्यक्रम में भाजपा नेता इमरती देवी मंच पर नहीं गईं। बुलाने पर उन्होंने कहा- मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी बैठे हैं, समय सबका बदलता है।

निशांत तिवारी, प्रीतेश जैन

Imarti Devi Stage Controversy : ग्वालियर के डबरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जलसा गार्डन में आयोजित ‘मेरा सपनों का भारत—चित्र सेवा’ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री इमरती देवी मंच पर नहीं पहुंचीं। कार्यक्रम के बैनर में भी उनकी तस्वीर नजर नहीं आई। खास बात यह रही कि ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाह ने खुद मंच से माइक संभालकर इमरती देवी को मंच पर आने के लिए बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठी रहीं।

कार्यक्रम के दौरान सांसद भरत सिंह कुशवाह ने इमरती देवी से मंच पर आने का आग्रह किया। इसके बावजूद उन्होंने मंच साझा नहीं किया। बाद में मीडिया से बातचीत में इमरती देवी ने कहा कि वे किसी से नाराज नहीं हैं और खुद को पार्टी की छोटी सी कार्यकर्ता मानती हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं के बीच बैठना ही उन्हें उचित लगता है।

बोलीं- मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी बैठे हैं

मंच पर नहीं जाने की वजह पूछे जाने पर इमरती देवी ने मंच पर मौजूद लोगों को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी भी बैठे हुए हैं।” उन्होंने ऐसे लोगों के साथ मंच साझा करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे अच्छे लोगों के साथ बैठना पसंद करती हैं। उन्होंने हालांकि किसी व्यक्ति का नाम लेकर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया।

पोस्टर में फोटो नहीं होने पर भी दिया जवाब

सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर में अपनी तस्वीर नहीं होने के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि वे एक कार्यकर्ता हैं और हर कार्यकर्ता की तस्वीर पोस्टर पर होना जरूरी नहीं है। उन्होंने इस बात को मंच पर नहीं जाने की वजह के तौर पर स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह कार्यकर्ताओं के बीच बैठना पसंद करती हैं।

‘मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं’

जब उनसे पूछा गया कि सांसद के बुलाने के बावजूद वे मंच पर क्यों नहीं गईं, तो इमरती देवी ने कहा, “मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं।” इसके साथ ही उन्होंने समय के बदलाव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि समय सबका बदलता है, पहले किसी और का था, अब किसी और का है और आगे किसी और का होगा।

बयानों के बाद सियासी चर्चाएं तेज

भाजपा नेता इमरती देवी के मंच से दूरी बनाने और इसके बाद दिए गए बयानों से कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। मंच पर उनकी तस्वीर नहीं होने, सांसद द्वारा उन्हें बुलाए जाने के बावजूद मंच पर नहीं जाने और फिर ‘हत्यारे’ वाले बयान को लेकर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, इमरती देवी ने खुद किसी से नाराजगी होने से इनकार किया और खुद को भाजपा की कार्यकर्ता बताया।

Yemen War: यमन में सरकारी सेना-हूती विद्रोहियों के बीच भीषण जंग, 24 घंटे में 44 की मौत

West Bengal SIR: बंगाल में 42 चुनाव ट्रिब्यूनल गठन करने की मांग, निर्वाचन आयोग का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा

सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर चाहिए? 1 अक्टूबर से पहले पूरा करें यह जरूरी काम, वरना रिफिल में हो सकती है परेशानी

मिडिल ईस्ट में सैन्य टकराव के बीच अलर्ट, US ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की

DUSU चुनाव के बाद CJP का विपक्ष पर हमला, बोले- बंटे विपक्ष का फायदा उठा रही है ABVP