Highlights :
पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा रविवार को दतिया के ग्राम रिछरा पहुंचे।
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं की चुनाव के बाद की सक्रियता पर सवाल उठाए।
बोले 'राजनीति का उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, जनता की समस्याओं का समाधान करना है।
Narottam Mishra Attack on Congress : एमपी के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव के दौरान जनता से बड़े बड़े वादे करते हैं लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद जनता के बीच में दिखाई नहीं देते।
रविवार को अपने एक दिवसीय दतिया प्रवास के दौरान वे अहिरवार जाटव समाज के समारोह में शामिल होने ग्राम रिछरा पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने फूलों की माला पहनाकर और तुलादान कर उनका स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता जनता से बड़े बड़े वादे करते हैं और बीजेपी पर संविधान बदलने जैसे आरोप लगाते हैं। लेकिन विकास के मुद्दे पर उनकी भूमिका स्पष्ट नजर नहीं आती। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव समाप्त होते ही कांग्रेस के नेता कहां चले जाते हैं इसकी जानकारी जनता को भी नहीं होती।
पूर्व गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता चुनाव के समय समर्थन मांगने के लिए जनता के बीच पहुंचते हैं लेकिन चुनाव के बाद जनसमस्याओं के समाधान और जनसेवा के लिए उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना और क्षेत्र का विकास करना होना चाहिए।
नरोत्तम मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एमपी में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार भी जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। उनके मुताबिक सरकार का लक्ष्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। समारोह नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की विकास नीतियों का पक्ष रखा।