खबर का असर: पत्नी के कंधों से उतरा दिव्यांग पति का बोझ, नवभारत की खबर के बाद CM मोहन यादव ने पहुंचाई मदद

Navbharat News Impact : बुरहानपुर में दिव्यांग पति को पीठ पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची महिला की खबर के बाद CM मोहन यादव ने संज्ञान लिया। प्रशासन की ओर से दयाशंकर को ट्राइसाइकिल मिली है।
Burhanpur woman Bindu Bai receives government help
नवभारत की खबर के बाद बिंदू बाई को मिली सहायताफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • नवभारत की खबर के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिया संज्ञान।

  • बिंदू बाई के दिव्यांग पति दयाशंकर को मिली ट्राइसाइकिल।

  • 9 साल से पति को पीठ पर उठाकर ले जा रही थी महिला।

  • बेटियों की पढ़ाई के लिए भी परिवार को मिली सहायता।

Burhanpur Bindu Bai Tricycle News : बुरहानपुर में दिव्यांग पति को पीठ पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची महिला की परेशानी आखिरकार शासन-प्रशासन तक पहुंच गई। नवभारत ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।

खबर और वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले का संज्ञान लिया और कलेक्टर बुरहानपुर को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दिव्यांग दयाशंकर को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई है। इससे अब उन्हें आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहुंची सहायता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी जरूरतमंद की पीड़ा अनसुनी नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक परिवार को सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से जरूरी सहयोग मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर बुरहानपुर ने दयाशंकर को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। परिवार को बेटियों की शिक्षा के लिए भी सहायता दी गई है।

पत्नी 9 साल से पति को पीठ पर उठाकर ले जा रही थी

दरअसल, बुरहानपुर की महाजन कॉलोनी निवासी बिंदू बाई अपने दिव्यांग पति दयाशंकर को पीठ पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने कलेक्टर विवेक कुमार से पति के लिए ट्राइसाइकिल और पेंशन की सुविधा दिलाने की मांग की थी। महिला ने बताया था कि करीब 9 साल पहले पति को पैरालिसिस हुआ था। इलाज के दौरान उनका एक पैर काटना पड़ा, जिसके बाद से वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

ट्राइसाइकिल नहीं मिलने से परेशान था परिवार

बिंदू बाई के मुताबिक इतने सालों से वह पति को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए पीठ पर उठाती थीं। इससे उन्हें शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार मांग करने के बावजूद ट्राइसाइकिल नहीं मिलने पर उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या बताई थी। उस समय तत्काल मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें पति को दोबारा पीठ पर उठाकर घर लौटना पड़ा था।

Burhanpur woman Bindu Bai receives government help
बुरहानपुर में पति को पीठ पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची महिला, ट्राई साइकिल और पेंशन के लिए लगाई गुहार

अब परिवार ने जताया आभार

बुरहानपुर में बिंदू बाई के मामले में विभाग की ओर से बताया गया था कि दो साल पहले एक कार्यक्रम में दयाशंकर को व्हीलचेयर दी गई थी। नियमानुसार उसकी निर्धारित अवधि और पात्रता के आधार पर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया होनी थी। अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद दयाशंकर को ट्राइसाइकिल मिल गई है। उनकी पत्नी बिंदू बाई ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बुरहानपुर कलेक्टर का आभार जताया है।