खुदकुशी करने वाला प्रेमी जोड़ा (फोटो सोर्स- नवभारत) 
दमोह

परिजनों की दहशत ने ली प्रेमी जोड़े की जान: कटनी की युवती और दमोह के युवक का तालाब में मिला शव, भिड़े परिजन

MP Crime News : दमोह के राजनगर तालाब में कटनी की युवती और दमोह के युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर में शादी के बाद परिजनों के विरोध के चलते प्रेमी युगल ने आत्मघाती कदम उठाया है।

प्रीतेश जैन

Damoh Lovers Suicide Case: दमोह में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी युगल ने कथित तौर पर परिजनों के विरोध और दहशत के चलते तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी। दमोह देहात थाना अंतर्गत राजनगर तालाब से दोनों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान कटनी निवासी युवती सत्या निषाद और दमोह सिटी कोतवाली निवासी युवक अनमोल मुड़ा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल है और वे एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों को आखिरी बार एक स्कूटी पर इस इलाके की ओर जाते देखा गया था। बीते दिन राजनगर तालाब के किनारे उनकी चप्पलें और स्कूटी लावारिस हालत में मिलीं। स्कूटी में रखे दस्तावेजों और मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने उनकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें कल शाम पहले प्रेमिका सत्या का शव बरामद हुआ और आज सुबह प्रेमी अनमोल का शव भी तालाब से निकाल लिया गया।

मंदिर में रचाई थी शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें आईं सामने

मृतकों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिली तस्वीरों से यह साफ होता है कि दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और हाल ही में उन्होंने एक मंदिर में शादी भी रचाई थी। शादी की तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे थे। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि शादी के बाद परिजनों के भारी विरोध, सामाजिक लोक-लाज और दहशत के कारण इस युवा जोड़े ने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।

मर्चुरी के बाहर भिड़े परिजन, पुलिस जांच में जुटी

इस घटना ने उस समय और उग्र रूप ले लिया जब दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया। वहां मौजूद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट और झड़प हुई। लड़की के परिजन लड़के पक्ष पर और लड़के के परिजन लड़की पक्ष पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगा रहे हैं।

युवक और युवती की दर्ज थी गुमशुदगी रिपोर्ट

दमोह पुलिस में युवक की और कटनी पुलिस में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। दमोह पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह मामला परिजनों के डर से की गई खुदकुशी का लग रहा है, लेकिन दोनों पक्षों के आरोपों को देखते हुए मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बॉम्बे हाई कोर्ट की विजय माल्या को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया पर कोर्ट के दस्तावेज न करें पोस्ट

PM मोदी की मिमिक्री पड़ी भारी! विवाद के बाद कॉमेडियन पुलकित मणि के शो रद्द, मिलीं धमकियां

यूपी में BJP को हराना नामुमकिन, इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद का पलटवार; विपक्ष को दिए ये खास सलाह

अब पूर्व एयर मार्शल के हाथ राम मंदिर की कमान, जानिए अयोध्या में आवास से लेकर कार्यप्रणाली तक सब कुछ

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, ट्रायल जज के कामकाज पर इलाहाबाद HC से मांगी रिपोर्ट