वियतनाम घुमाने का सपना दिखाकर ठगी, फेसबुक विज्ञापन के झांसे में आया परिवार, गंवा दिए 3.50 लाख रुपये

Facebook Travel Scam : उज्जैन में फेसबुक पर वियतनाम टूर पैकेज का विज्ञापन दिखाकर एक परिवार से 3.50 लाख रुपये की ठगी की गई। नीलगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Vietnam Tour Fraud Ujjain
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Vietnam Tour Fraud Ujjain: उज्जैन में सोशल मीडिया के जरिए विदेशी टूर पैकेज का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वियतनाम घूमने की योजना बना रहे एक परिवार से कथित ट्रैवल एजेंसी ने साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। जब यात्रा का समय आया तो पूरा मामला फर्जी निकला। पीड़ित की शिकायत पर नीलगंगा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नीलगंगा थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी हरिप्रकाश वाडिया ने फेसबुक पर एक ट्रैवल एजेंसी का आकर्षक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में वियतनाम यात्रा के लिए कम खर्च में विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। विदेश घूमने की योजना बना रहे वाडिया ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।

6.80 लाख रुपये बताया टूर का खर्च

फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम जुनैद बताया और खुद को ट्रैवल एजेंसी का प्रतिनिधि बताया। उसने परिवार के लिए वियतनाम टूर और वीजा की व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने पूरे पैकेज की कीमत 6 लाख 80 हजार रुपये बताई और बुकिंग के लिए अग्रिम राशि जमा कराने को कहा।

आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए 3.50 लाख रुपये

पीड़ित ने आरोपी की बातों पर विश्वास कर बताए गए बैंक खाते में 3 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गईं। तय कार्यक्रम के अनुसार जब परिवार दिल्ली पहुंचा तो आरोपी ने फोन कर बताया कि परिवार की एक बच्ची का वीजा तैयार नहीं हो पाया है, इसलिए पूरी यात्रा रद्द करनी पड़ेगी।

पीड़ित ने की शिकायत

इस सूचना के बाद पीड़ित को संदेह हुआ। उन्होंने एजेंसी और संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। बाद में एजेंसी के बताए गए पते की जांच कराई गई तो वह भी गलत निकला। खुद को ठगी का शिकार समझते हुए पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद मामला स्थानीय पुलिस तक पहुंचा। नीलगंगा थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

ऑनलाइन ऐड पर आंख बंद कर भरोसा ना करें

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले आकर्षक टूर पैकेज, निवेश योजनाओं या अन्य ऑफर्स पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पहले कंपनी, कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जांच करना जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com