दमोह में चाय पीने के बाद पिता सहित दो बच्चों की बिगड़ी तबीयत; गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

Damoh Food Poisoning Case: एमपी के दमोह में चाय पीने के बाद पिता, बेटी और बेटे की हालत बिगड़ी, प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर, बटियागढ़ पुलिस जांच में जुटी।
Father and two children suffer suspected poisoning after drinking tea in Damoh
दमोह में चाय पीने से पिता समेत दो बच्चे पढ़े बीमार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Damoh Family falls Ill After Drinking Tea: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की चाय पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। मामला बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आंजनी बेलखेड़ी का है, जहां पिता, पुत्र और बेटी को उल्टियां शुरू होने के बाद पहले बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र और फिर दमोह जिला अस्पताल लाया गया।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग या विषाक्त पदार्थ के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है।

चाय पीने के बाद शुरू हुईं उल्टियां

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय पुस्सु पटेल, उनकी 17 वर्षीय बेटी शिवानी पटेल और 13 वर्षीय पुत्र महेंद्र पटेल ने गुरुवार रात घर में बनी चाय पी थी। चाय पीने के कुछ समय बाद ही तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। परिवार के लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जंगल से लौटे थे परिजन, बेटी ने बनाई थी चाय

परिजन मंगल पटेल ने बताया कि उनके साढ़ू भाई पुस्सु पटेल रात में जंगल से घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने बेटी शिवानी से चाय बनाने को कहा। शिवानी ने चाय तैयार की, जिसे पुस्सु, शिवानी और महेंद्र ने पिया। कुछ ही देर बाद तीनों की हालत खराब होने लगी। पुस्सु ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए।

जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

दमोह जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन पुस्सु पटेल की स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण तीनों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रारंभिक तौर पर पॉइजनिंग का मामला- डॉक्टर

ड्यूटी डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। मरीजों ने चाय पीने के बाद उल्टियां होने की जानकारी दी है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया है। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com