Highlights:
देवास शराबकांड में राहुल जायसवाल को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला।
3 नवंबर 2026 को जारी हुआ था निष्कासन आदेश।
जीतू पटवारी के निर्देश पर प्राथमिक सदस्यता समाप्त की गई।
राहुल छह साल तक हरदा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे।
टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस ने किया था गिरफ्तार।
Rahul Jaiswal Congress Expelled : देवास के खातेगांव में टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने और अवैध शराब कारोबार से जुड़े मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल पर पार्टी ने कार्रवाई की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें पार्टी के सभी पदों से मुक्त करते हुए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
कांग्रेस की ओर से यह आदेश 3 नवंबर 2026 को जारी किया गया था, जिसका निष्कासन पत्र अब सामने आया है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी निष्कासन पत्र में कहा गया है कि देवास जिले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की घटना बेहद निंदनीय है। इस मामले के तार अवैध शराब के कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है। राहुल जायसवाल की मामले में संलिप्तता के संदेह में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और प्रकरण दर्ज किया था। इसी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया।
राहुल जायसवाल हरदा जिले के टिमरनी के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2018 से 2024 तक छह साल हरदा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में उन्हें हरदा जिले से जुड़े संगठनात्मक दायित्व के साथ खातेगांव विधानसभा का प्रभारी भी बताया गया था। देवास शराबकांड में नाम सामने आने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका भी चर्चा में आ गई थी।
पुलिस ने राहुल जायसवाल को अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आए वीडियो में राहुल ने शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात स्वीकार की थी। इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और गुजरात तक फैले शराब तस्करी नेटवर्क की भी जांच की गई।
देवास जिले के खातेगांव में 1-2 नवंबर की दरमियानी रात अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को रोकने की कोशिश के दौरान टीआई दिलीप पुरी की मौत हो गई थी। वाहन चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिसकी चपेट में आने से टीआई की जान चली गई। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। मामले में राहुल जायसवाल समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।