Highlights :
भोपाल के निक्की बावा मेडिसैलॉन पर हेयर कलर के बाद बाल झड़ने का आरोप।
शिकायतकर्ता दर्शना बाजपेयी ने स्कारिंग एलोपेसिया की शिकायत की।
कोहेफिजा पुलिस ने BNSS की धारा 179 के तहत नोटिस जारी किया।
Nikki Bawa Medisalon Bhopal Hair Colour Side Effects : राजधानी भोपाल के प्रतिष्ठित सैलून 'निक्की बावा मेडिसैलॉन' पर एक ग्राहक के बाल खराब होने और गंभीर रूप से बाल झड़ने के आरोप लगे हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना कोहेफिज़ा पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 179 के तहत नोटिस जारी कर संस्थान से जवाब तलब किया है।
भोपाल जिले में पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार दर्शना बाजपेयी ने अगस्त 2026 में सैलून में हेयर कलर की सेवा ली थी। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया के बाद उनके बालों में अत्यधिक रूखापन और उलझाव आ गया साथ ही सिर की त्वचा के एक हिस्से से बाल झड़ने लगे। इसी को लेकर शिकायतकर्ता ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए सैलून पर स्थायी रूप से बाल झड़ने का आरोप लगाया है।
कोहेफिजा पुलिस नोटिस के जवाब में निक्की बावा मेडिसैलॉन भोपाल की निदेशक एवं संस्थापक डॉ साहिबा बावा सिंह ने थाना कोहेफिज़ा में अपना विस्तृत लिखित अभ्यावेदन प्रस्तुत किया है। अपने जवाब में उन्होंने निम्नलिखित मुख्य बिंदु रखे हैं।
डॉ साहिबा के अनुसार शिकायत मिलने के बाद समाधान के लिए शिकायतकर्ता से कई बार संवाद किया गया और सद्भावना के तौर पर उन्हें लगभग 7,000 रूपए मूल्य की सेवाएँ निशुल्क प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त प्रभावित हिस्से पर 'माइक्रोनीडलिंग पेन' के माध्यम से Kenacort A 40 (Triamcinolone Acetonide) की लगभग तीन बूंदों का स्थानीय उपयोग किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये प्रक्रिया शिकायतकर्ता को पूरी जानकारी देने और उनकी सहमति लेने के बाद ही की गई थी।
स्थायी रूप से बाल झड़ने के आरोपों पर डॉ साहिबा ने मांग की है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले किसी स्वतंत्र त्वचा रोग विशेषज्ञ की रिपोर्ट, ट्राइकोस्कोपी और अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांचों के आधार पर स्थिति का वैज्ञानिक मूल्यांकन कराया जाए। उन्होंने ये भी तर्क दिया है कि बाल झड़ने के पीछे अन्य संभावित चिकित्सकीय कारण भी हो सकते हैं इसलिए संबंधित अवधि के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा कराए गए किसी भी अन्य बाहरी उपचार की भी जांच की जानी चाहिए।