Highlights :
देवउठनी एकादशी की आतिशबाजी के बाद एमपी में बढ़ा वायु प्रदूषण।
7 घंटे के अंदर में 4 मॉनिटरिंग स्टेशनों का AQI 300 के पार।
भोपाल शहर के पर्यावरण परिसर में भी करीब 70 अंकों का उछाल।
Madhya Pradesh AQI After Fireworks : देवउठनी एकादशी पर प्रदेशभर में हुई आतिशबाजी का असर मध्यप्रदेश की हवा की गुणवत्ता पर दिखाई दिया। महज सात घंटे के भीतर प्रदेश के चार मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक 20 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक प्रदेश के सभी 26 मॉनिटरिंग स्टेशन 300 से नीचे थे लेकिन रात 12 बजे तक सिंगरौली पीथमपुर ग्वालियर और सागर में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई थी। सिंगरौली शहर 358 AQI के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित स्टेशन रहा।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मॉनिटरिंग रीडिंग के मुताबिक 20 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक किसी भी स्टेशन पर AQI 300 से अधिक नहीं था।देवउठनी एकादशी के चलते आतिशबाजी के बाद रात 12 बजे तक चार स्टेशन 300 के पार पहुंच गए। वहीं 200 से अधिक AQI वाले स्टेशनों की संख्या भी 9 से बढ़कर 13 हो गई। आंकड़े बताते हैं कि शाम से आधी रात के बीच प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ी।
सिंगरौली जिले के सूर्यकिरण भवन क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। यहां शाम 4:30 बजे AQI 237 था जो रात 12 बजे तक 121 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 358 पर पहुंच गया। इस उछाल के साथ क्षेत्र की हवा खराब से बेहद खराब श्रेणी में आ गई। तुलनीय मॉनिटरिंग स्टेशनों में ये सबसे बड़ी बढ़ोतरी रही।
औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर 2 में AQI 277 से बढ़कर 318 दर्ज किया गया। यहां पीएम-10 प्रमुख प्रदूषक रहा। ग्वालियर जिले के महाराज बाड़ा में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 230 से बढ़कर 304 पर पहुंच गया। वहीं सागर के दीनदयाल नगर में सबसे चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिला। यहां AQI शाम को 85 था जो रात 12 बजे तक बढ़कर 315 हो गया।
राजधानी भोपाल के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ा। हालांकि रात 12 बजे तक किसी भी स्टेशन का AQI 300 के पार नहीं पहुंचा। पर्यावरण परिसर स्टेशन पर करीब 70 अंकों का उछाल दर्ज किया गया। इस तरह भोपाल में स्थिति चार अन्य स्टेशनों की तुलना में बेहतर रही लेकिन हवा की गुणवत्ता में गिरावट साफ दिखाई दी।