उज्जैन में पाड़ों की लड़ाई देखने गए 8 साल के मासूम की मौत, पिता के सामने बेकाबू पाड़ा बच्चे की छाती पर चढ़ा

Ujjain Bull Fight Accident : उज्जैन के हामूखेड़ी में छोटी दीपावली पर पाड़ों की लड़ाई देखने गए 8 साल के युवराज की बेकाबू पाड़े की चपेट में आने से मौत हो गई। माता पिता का इकलौता बेटा था युवराज।
eight year old boy killed in bull fight accident in Ujjain
पाड़े की लडाई में 8 साल के मासूम की मौतफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पाड़ों की लड़ाई देखने गए 8 साल के युवराज की मौत।

  • उज्जैन जिले के हामूखेड़ी क्षेत्र की घटना।

  • बेकाबू पाड़े की चपेट में आया बच्चा।

  • पिता के सामने हुआ हादसा।

Eight Year Old Boy Killed In Bull Fight In Ujjain : उज्जैन जिले में देवास रोड स्थित हामूखेड़ी में छोटी दीपावली के मौके पर आयोजित पाड़ों की लड़ाई एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। मुकाबला देखने पहुंचे 8 साल के मासूम युवराज की बेकाबू पाड़े की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय का है जब बच्चा भीड़ के बीच से अलग एक तरफ बैठकर पोहे खा रहा था।

लड़ाई करते समय ही लोगों की तरफ दौड़े पाड़े

आपको बता दें ये घटना नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी की है। जहांं छोटी दीपावली पर एक खेत में पाड़ों की लड़ाई का आयोजन रखा गया था। दोपहर के करीब 2 बजे टैक्सी चालक आकाश दायमा अपने इकलौते बेटे युवराज के साथ मुकाबला देखने पहुंचे थे। पाड़ो की लड़ाई के बीच दोनों भीड़ में एक तरफ मौजूद थे। इसी दौरान युवराज बैठकर पोहे खा रहा था। तभी आपस में भिड़ रहे दो पाड़े अचानक बेकाबू होकर लोगों की तरफ दौड़ पड़े।

माता पिता का इकलौता बेटा था युवराज

उज्जैन जिले में हुई इस घटना में मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही एक भारी भरकम पाड़ा युवराज तक पहुंच गया और उसकी छाती पर चढ़कर निकल गया। मासूम बच्चा उसके नीचे दब गया।इस दृश्य को देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई। पिता आकाश ने वहां मौजूद लोगों की मदद से किसी तरह बेटे को बाहर निकाला और तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद युवराज को मृत घोषित कर दिया। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला युवराज अपने माता पिता का इकलौता बेटा था।

पहले भी पुलिस पर पथराव की घटना हुई थी

जानकारी के मुताबिक लड़ाई के इस आयोजन में शामिल पाड़े यादव परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के जोखिम भरे आयोजनों पर रोक के बावजूद इस तरह का आयोजन किया जाता है। बताया जा रहा है कि करीब तीन चार साल पहले भी इसी तरह के आयोजन के दौरान पुलिस पर पथराव की घटना हुई थी।

eight year old boy killed in bull fight accident in Ujjain
जारी हुआ MPPSC 2027 का परीक्षा कैलेंडर, अब साल में दो बार मिलेगा परीक्षा का मौका, सीएम ने शेयर किया शेड्यूल

आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद नागझिरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के हालात और आयोजन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर ऐसे आयोजनों में सुरक्षा इंतजामों और जिम्मेदारी तय करने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।