Highlights :
मोहन कैबिनेट की मीटिंग आज।
मंगलवार की जगह सोमवार को हो रही है बैठक।
कैबिनेट बैठक में 4 प्रस्तावों पर लगेगी मुहर।
Madhya Pradesh Cabinet Meeting Today : मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। मीटिंग में राज्य के बुनियादी ढांचे, सहकारिता और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े चार बड़े और दूरगामी प्रभाव वाले प्रस्तावों पर चर्चा कर मंजूरी दी जाएगी।
आमतौर पर मोहन कैबिनेट की बैठक मंगलवार को आयोजित होती है, लेकिन मंगलवार को गुरु नानक जयंती के चलते सरकारी छुट्टी होने के चलते एक दिन पहले कैबिनेट मीटिंग हो रही है।
मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में उपलब्ध खनिज संपदा की वैज्ञानिक तरीके से खोज और बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना है। नीति लागू होने पर खनिज भंडारों के सर्वेक्षण में सरकारी और निजी एजेंसियों की भागीदारी बढ़ सकेगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही खनिज राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को शासकीय अंश पूंजी सहायता देने के प्रस्ताव पर भी विचार होगा। इस मदद से बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और पूंजी पर्याप्तता अनुपात को आरबीआई के निर्धारित मानकों के अनुरूप लाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि जरूरतों के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नए बने मकानों और अब तक विद्युतीकरण से वंचित घरों तक बिजली पहुंचाने की कार्ययोजना को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इसके तहत बिजली वितरण कंपनियां नए बसे मजरे-टोलों और छूटे हुए घरों तक बिजली के खंभे और लाइनें बिछाएंगी। इससे ग्रामीण परिवारों को वैध बिजली कनेक्शन मिल सकेंगे और छोटे कारोबार तथा कुटीर उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट में मध्य प्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम-1960 के तहत PACS, विपणन समितियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के लंबित चुनावों की अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। चुनाव होने तक इन संस्थाओं का संचालन प्रशासकों के जरिए जारी रखने पर निर्णय हो सकता है। मध्य प्रदेश सरकार का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर खरीदी और किसानों को खाद-बीज वितरण जैसे जरूरी कामों को चुनाव प्रक्रिया के कारण प्रभावित होने से बचाना है।