भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई दिशा! हैदराबाद हाउस में PM मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू

India Nepal Relations: नेपाली पीएम बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। पीएम मोदी के साथ उनकी हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है। इस बैठक का मुद्दा व्यापार और आपसी सहयोग प्रमुख है।
Balen Shah, Pm Modi
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और पीएम मोदी के बीच वार्ता शुरुसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

PM Modi Balen Shah Meeting Delhi Hyderabad House: और नेपाल के बीच कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता शुरू हो गई।

दोनों देशों के शीर्ष नेता आपसी संबंधों की समीक्षा करने के साथ व्यापार, ऊर्जा, परिवहन, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में बालेन शाह की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। ऐसे में इस मुलाकात को दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते तलाशने और पहले से चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने पर जोर रहने की उम्मीद है।

व्यापार और कनेक्टिविटी पर रहेगा विशेष जोर

भारत और नेपाल के बीच होने वाली इस बातचीत में आर्थिक सहयोग प्रमुख मुद्दों में शामिल है। दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश, रेल संपर्क, सड़क परिवहन, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने को लेकर समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान प्रस्तावित है।

बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री कुछ विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और अन्य सीमा पार संपर्क परियोजनाएं भी शामिल हैं।

बालेन शाह की पहली भारत यात्रा पर नजर

बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे थे। सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी के न्योते पर हो रही यात्रा और द्विपक्षीय संबंध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के औपचारिक निमंत्रण पर बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत प्रवास पर हैं। इस यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय (MEA) ने बयान जारी कर कहा कि यह दौरा दोनों पड़ोसी देशों के बीच होने वाले नियमित उच्च-स्तरीय संवाद की परंपरा को मजबूती देता है। मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा स्पष्ट करती है कि भारत अपनी 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी प्रथम) नीति के अंतर्गत नेपाल के साथ संबंधों को कितनी प्राथमिकता देता है।