Highlights:
सोनिया गांधी की किताब में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का उल्लेख।
पुस्तक पर कांग्रेस के अनुभवी नेताओं के संदर्भ में लिया नाम।
दिग्विजय सिंह के साथ अशोक गहलोत और विलासराव देशमुख का भी जिक्र।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मुख्यमंत्री तक के राजनीतिक सफर का संदर्भ।
Digvijaya Singh Mention in Sonia Gandhi Book : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का उल्लेख किया है। सोनिया गांधी की बुक Belonging: A Journey of Love के पेज नंबर 393 पर दिग्विजय सिंह को कांग्रेस के अनुभवी और लोकप्रिय नेताओं के संदर्भ में जगह दी गई है। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय विलासराव देशमुख का भी नाम लिया गया है।
सोनिया गांधी ने किताब में उन कांग्रेस नेताओं का उल्लेख किया है, जिन्होंने अपने-अपने राज्यों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाली और बाद में मुख्यमंत्री बने। इसी संदर्भ में मध्य प्रदेश के दिग्विजय सिंह का नाम शामिल किया।
पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती अनुभवों और कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली को समझने के दौरान आई चुनौतियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी के कई राजनीतिक सहयोगियों से उनका पहले से परिचय था। इनमें स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े नेताओं के साथ NSUI और युवा कांग्रेस से राजनीति शुरू करने वाले नेता भी शामिल थे।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि जब उन्होंने कांग्रेस संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली, तब उन्हें अनुभवी नेताओं के साथ बैठकों की अध्यक्षता करनी होती थी। शुरुआती दौर में वरिष्ठ सहयोगियों के बीच अपनी बात रखना और संगठन की जटिल कार्यप्रणाली समझना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के सुझावों और कुछ विश्वसनीय सहयोगियों के प्रोत्साहन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
किताब में दिग्विजय सिंह का नाम अशोक गहलोत और विलासराव देशमुख जैसे नेताओं के साथ लिया जाना मध्य प्रदेश की राजनीति के लिहाज से उल्लेखनीय है। तीनों नेताओं ने अपने-अपने राज्यों में कांग्रेस संगठन का नेतृत्व किया और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। सोनिया गांधी ने अपने शुरुआती संगठनात्मक अनुभवों को याद करते हुए इन नेताओं का संदर्भ दिया है।