

Highlights:
2028 का विधानसभा चुनाव उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी कांग्रेस।
दिग्विजय सिंह ने पार्टी में गुटबाजी की अटकलों को किया खारिज।
भाजपा के हिंदुत्व को बताया सावरकर का हिंदुत्व।
किसानों की बिजली समस्या पर ज्योतिरादित्य सिंधिया से पूछा सवाल।
Digvijaya Singh on MP Assembly Election : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश की राजनीति, भाजपा की विचारधारा, किसानों की समस्याओं और आगामी चुनावों को लेकर कई अहम बयान दिए हैं। मंगलवार को गुना में अनौपचारिक चर्चा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस 2028 का विधानसभा चुनाव प्रदेश में उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी।
उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की बात को भी खारिज किया। वहीं, भाजपा के हिंदुत्व, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर भी निशाना साधा।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में 2028 का विधानसभा चुनाव पार्टी के प्रमुख नेताओं उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर किसी तरह का कोई विवाद नहीं है।
भाजपा की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व सनातन हिंदुत्व नहीं, बल्कि सावरकर का हिंदुत्व है। उनके मुताबिक, सावरकर का हिंदुत्व समाज को बांटने का काम करता है। सोनिया गांधी की हालिया किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ को लेकर उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने ऐसा करके अपना बड़प्पन दिखाया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग होने के बावजूद सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री बनने वाले व्यक्ति के संघर्ष की सराहना करना बड़ी बात है।
प्रदेश में किसानों की समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि जब क्षेत्र के सांसद और केंद्र सरकार के मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की समस्याओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। साथ ही गुना जिले में अवैध कब्जों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उन्हें हटाने की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भगवान कृष्ण को लेकर की गई उनकी टिप्पणी से वे सहमत नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धीरेंद्र शास्त्री में लोगों के मन की बात भांपने या दिमाग पढ़ने की क्षमता है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा कराई, वे सभी चुनाव हार गए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की SIR को लेकर जताई गई आपत्तियों का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह ने इस प्रक्रिया को समाप्त करने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार से सवाल किया कि देश की जनता को बताया जाना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर SIR की प्रक्रिया कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई।
अपनी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसका किसी भी चुनाव से सीधा संबंध नहीं है। भाजपा के चर्चित नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के नारे भाजपा के लोकतंत्र में विश्वास को लेकर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने यात्रा को राजनीतिक चुनावी अभियान मानने की अटकलों को खारिज किया।