उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर तिवारी संभालेंगे चुनाव की कमान  (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

BJP में बड़ा बदलाव! धर्मपाल साइडलाइन, MP के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी संभालेंगे यूपी चुनाव की कमान

BJP UP Election Preprations: यूपी चुनाव से पहले भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की अटकलें, सूत्रों के मुताबिक एमपी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर संभाल सकते हैं चुनावी टीम की कमान।

सुधीर दंडोतिया, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी।

  • सूत्रों के मुताबिक, धर्मपाल को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से किनारे किया गया।

  • चुनावी तैयारियों के लिए दूसरे राज्यों से सात संगठन मंत्री यूपी भेजे जाएंगे।

  • मध्य प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर कर सकते हैं टीम की अगुवाई।

Chandrashekhar Tiwari Lead BJP UP Election Preparations: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक, यूपी बीजेपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से किनारे कर दिया गया है। उनकी जगह चुनाव के दौरान संगठन का काम संभालने और पार्टी की तैयारियों की निगरानी के लिए दूसरे राज्यों से सात संगठन मंत्रियों को उत्तर प्रदेश भेजा जाएगा।

यह सभी नेता प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जाकर पार्टी की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। पार्टी के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से सक्रिय और मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

मध्यप्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर करेंगे टीम की अगुवाई

सूत्रों के अनुसार, इस पूरी टीम की कमान मध्य प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को सौंपी जा सकती है। चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि राजस्थान में भी उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर अहम भूमिका निभाई थी। उनके नेतृत्व में पार्टी ने वहां पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव से संगठन को अलग दिशा देने की रणनीति पर काम किया था।

अब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राजनीतिक राज्य में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। इससे साफ संकेत मिलता है कि बीजेपी चुनावी रणनीति में संगठनात्मक अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे को प्राथमिकता दे रही है।

गुजरात के रत्नाकर भी संभालेंगे जिम्मेदारी

चंद्रशेखर के साथ गुजरात भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री रत्नाकर भी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालेंगे। इस टीम में उनकी भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि वर्ष 2014 में चंद्रशेखर और रत्नाकर ने सुनील बंसल के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी के चुनावी माइक्रो-मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभाई थी। उस समय बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने के प्रयास किए गए थे। अब एक बार फिर इन अनुभवी संगठन नेताओं को यूपी की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

योगी आदित्यनाथ के दखल पर भी चर्चा, संगठन को मजबूत करने की रणनीति

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि दूसरे राज्यों के संगठन मंत्रियों को उत्तर प्रदेश भेजने का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देना है। हालांकि, इस फैसले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनावी और संगठनात्मक मामलों में दखल को सीमित करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर संगठन और सरकार के बीच संतुलन को लेकर इस बदलाव के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। सात संगठन मंत्रियों की तैनाती से प्रदेश के छह क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ेगी। हालांकि, इन नियुक्तियों और जिम्मेदारियों को लेकर बीजेपी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी से आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट

Chhath Special: छठ पर बिहार जाने वालों को राहत, दिल्ली से चलेंगी 77 स्पेशल बसें, ट्रेन में वेटिंग का झंझट खत्म

Assam Accident: गोलाघाट में ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर, 20 लोगों की मौत; कई घायल

मोदी की कुर्सी पर फडणवीस की नजर? पवन खेड़ा ने PM पद से जोड़ दी महाराष्ट्र CM की महत्वाकांक्षा

किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या करने वाले 3 आतंकियों पर 30 लाख का इनाम घोषित, पुलिस ने जारी किए पोस्टर