स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश को मिलेंगे 9 पुरस्कार, इंदौर होगा सम्मानित! राजधानी भोपाल को न्योता तक नहीं

Indore Cleanest City Award: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश को 9 पुरस्कार मिलने की उम्मीद है। इंदौर समेत कई शहर सम्मानित होंगे, लेकिन पिछली बार दूसरे नंबर पर रहा भोपाल इस बार दौड़ से बाहर है।
indore bhopal city
इंदौर को मिलेगा पुरस्कार, भोपाल हुआ बाहरफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश को 9 पुरस्कार मिलने की उम्मीद।

  • इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहर होंगे सम्मानित।

  • पिछली बार देश में दूसरे नंबर पर रहा भोपाल इस बार दौड़ से बाहर।

  • आदमपुर छावनी के 5 लाख टन कचरे को माना जा रहा बड़ी वजह।

Swachh Survekshan Award : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजे आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस बार मध्य प्रदेश के खाते में 9 पुरस्कार आने की उम्मीद है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर के अलावा बुधनी, देपालपुर, देवास और सागर को भी सम्मान मिल सकता है।

हालांकि राजधानी भोपाल इस बार पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हो गई है। पिछली बार देश में दूसरा स्थान हासिल करने वाले भोपाल को इस बार समारोह में शामिल होने का न्योता तक नहीं मिला है।

इंदौर और देपालपुर को सुपर स्वच्छ लीग में मिल सकता है सम्मान

इस बार बड़ी श्रेणी के पांच शहरों में भोपाल को जगह नहीं मिली है। वहीं, सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को पुरस्कार मिलने की संभावना है। दोनों शहरों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है, जबकि भोपाल और बैरसिया को नहीं बुलाया गया है। ऐसे में इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर के खिताब के साथ स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार भी मिल सकता है।

7 साल की मेहनत के बाद दूसरे नंबर पर पहुंचा था भोपाल

राजधानी भोपाल ने लगातार सात साल तक स्वच्छता के क्षेत्र में प्रयास करने के बाद पिछले सर्वेक्षण में देश के सबसे स्वच्छ शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके बावजूद इस बार शहर पुरस्कारों की दौड़ से बाहर है। शहर की इस स्थिति के पीछे आदमपुर छावनी में जमा करीब 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना बड़ी वजह माना जा रहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में मामला भी चल रहा है।

4751 से ज्यादा शहरों का 43 संकेतकों पर हुआ सर्वे

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण है। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया है। शहरी निकायों को 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर परखा गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण जैसे विषय शामिल रहे।

indore bhopal city
भोपाल-इंदौर मेट्रो में मिलेगा NCMC स्मार्ट कार्ड, हर यात्रा पर 25% की छूट, देशभर की मेट्रो में भी करेगा काम

3 हजार से ज्यादा मूल्यांकनकर्ताओं ने जांची जमीनी स्थिति

सर्वेक्षण के लिए देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं की टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों ने शहरों में मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया डिजिटल और GPS आधारित निगरानी के जरिए पूरी की गई।