Madhya Pradesh Politics: बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का दबदबा बढ़ा है। पार्टी की जारी सूची में मध्य प्रदेश के 6 नेताओं को अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
वहीं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। यानी भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में MP के 6 नेताओं की अहम भूमिका होगी।
मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष के पद पर उन्हें जगह दी गई है। आर्य इससे पहले संगठन और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के कामकाज से जुड़ी रहेगी।
खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव के पद पर मध्यप्रदेश से उन्हें प्रतिनिधित्व मिला है। नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में गजेंद्र पटेल का नाम शामिल है। इस जिम्मेदारी के जरिए वे अब पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री की सूची में उनका नाम पहले स्थान पर है। यानी राष्ट्रीय संगठन में उन्हें मंत्री स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। पाटीदार के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 16 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
मध्य प्रदेश के बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने सात प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा की है, जिसमें किसान मोर्चा की जिम्मेदारी गुर्जर को मिली है। किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मध्यप्रदेश के नेता को दिए जाने से प्रदेश का संगठन में प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है।
मध्यप्रदेश से आशीष अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। राष्ट्रीय मीडिया टीम में उनके साथ दिल्ली से प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि, जहां एक तरफ राष्ट्रीय टीम में अब मध्य प्रदेश के दिग्गजों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। तो वंही दूसरी तरफ कुछ वरिष्ठ नेता ऐसे भी हैं जिन्हें निराशा हाथ लगी है। उनमें कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, अरविंद भदौरिया और नरोत्तम मिश्रा का नाम शामिल है।