Nvidia की भारतीय कर्मचारी ने खोले जेन्सन हुआंग के राज, बताया बहन के कैंसर के समय कैसे की मदद

Jensen Huang India Employee: Nvidia की भारतीय कर्मचारी वर्तिका सिंह ने बताया कि बहन के ब्रेन कैंसर के इलाज के दौरान Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग ने उनके परिवार की मदद की थी।
Jensen Huang Vartika Singh
भारतीय कर्मचारी वर्तिका सिंह और जेन्सन हुआंग सोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • Nvidia की भारतीय कर्मचारी वर्तिका सिंह ने X पर जेन्सन हुआंग के साथ अपना अनुभव साझा किया।

  • उन्होंने बताया कि बहन के ब्रेन कैंसर के इलाज के दौरान हुआंग ने परिवार की मदद की थी।

  • वर्तिका ने हुआंग के नेतृत्व, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता की सराहना की।

Jensen Huang Vartika Singh: Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग को लेकर चल रहे विवाद के बीच कंपनी की एक भारतीय कर्मचारी ने उनके व्यक्तित्व का दूसरा पहलू सामने रखा है। Nvidia के स्ट्रैटेजिक AI विभाग की प्रमुख वर्तिका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि मुश्किल वक्त में हुआंग ने उनके परिवार का साथ दिया था।

उन्होंने अपनी बहन के ब्रेन कैंसर के इलाज के दौरान हुई परेशानियों को याद करते हुए कहा कि उस समय हुआंग ने न केवल परिवार की मदद की, बल्कि अस्पताल जाकर उनकी बहन से मुलाकात भी की थी। वर्तिका ने उनके इस व्यवहार को जीवन का कभी न भूलने वाला अनुभव बताया है।

बहन को ब्रेन कैंसर हुआ तो परिवार के साथ खड़े हुए हुआंग

Nvidia में करीब आठ साल से काम कर रहीं वर्तिका सिंह ने अपनी पोस्ट में बहन की बीमारी के दौरान का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कैलिफोर्निया की यात्रा के समय उनकी बहन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिवार के लिए वह बेहद कठिन दौर था।

वर्तिका के मुताबिक, बहन के इलाज को लेकर कई मुश्किल फैसले लेने पड़े। अस्पताल का खर्च भी काफी ज्यादा था और घर से दूर रहते हुए उन्हें अपनी बहन को खोने का डर सता रहा था। ऐसे समय में जेन्सन हुआंग ने उनकी परेशानी को समझा और परिवार की मदद के लिए आगे आए।

उन्होंने बताया कि कंपनी की जिम्मेदारियों और व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद हुआंग ने उनके परिवार के लिए समय निकाला। इतना ही नहीं, वह उनकी बीमार बहन से मिलने अस्पताल भी पहुंचे।

Jensen Huang Vartika Singh
Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग की वापसी के संकेत? बोले- बोर्ड चाहे तो फिर संभाल सकता हूं जिम्मेदारी

हुआंग की इंसानियत को हमेशा याद रखूंगी- वर्तिका

वर्तिका ने अपनी पोस्ट में कहा कि हुआंग ने जिस तरह उस मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ दिया, उसे वह कभी नहीं भूल सकतीं। उन्होंने उनके साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की।

वर्तिका ने बताया कि हुआंग ने उनसे कहा था, 'मुझे तुम पर गर्व है। साथ बिताए इस समय को हमेशा याद रखना।'

उनके मुताबिक, इस मुलाकात और बातचीत ने उन्हें नेतृत्व का ऐसा मतलब समझाया, जो किसी पेशेवर अनुभव या प्रशिक्षण से नहीं सीखा जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी के निजी मुश्किल वक्त में उसके साथ खड़ा होना एक अच्छे नेतृत्वकर्ता की बड़ी पहचान है।

हुआंग के विजन और काम करने के तरीके की भी तारीफ

वर्तिका ने अपनी पोस्ट में जेन्सन हुआंग की नेतृत्व क्षमता और भविष्य को लेकर उनकी सोच की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वह उनके व्यक्तित्व के उस पहलू को सामने लाना चाहती हैं, जो मौजूदा विवादों और चर्चाओं के बीच पीछे छूट सकता है।

वर्तिका के अनुसार, हुआंग में आने वाले समय के बदलावों को पहले ही समझने की क्षमता थी। वह पारंपरिक सोच से अलग हटकर फैसले लेने का साहस रखते थे और अपने साथ पूरे इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने की कोशिश करते थे।

उन्होंने कहा कि हुआंग ऐसी संभावनाओं को पहचान लेते थे, जिन्हें दूसरे लोग आसानी से देख नहीं पाते थे। उन विचारों को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने अपना समय, ध्यान और Nvidia के संसाधनों का इस्तेमाल किया।

Jensen Huang Vartika Singh
कौन हैं कोलेट क्रेस जो बनीं nVIDIA की अंतरिम CEO? जेन्सेन हुआंग ने दिया इस्तीफा

विवादों के बीच सामने आया कर्मचारी का अनुभव

जेन्सन हुआंग को लेकर निजी जीवन से जुड़े कुछ गंभीर दावे और विवाद चर्चा में हैं। इसी बीच Nvidia की भारतीय कर्मचारी की यह पोस्ट सामने आई है। वर्तिका ने अपने अनुभव के जरिए उनके व्यवहार, संवेदनशीलता और नेतृत्व के उस पक्ष को बताया है, जिसे उन्होंने करीब से देखा।

उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें उन्होंने किसी विवाद पर टिप्पणी करने के बजाय उस व्यक्तिगत मदद को याद किया, जो उनके परिवार को बहन की बीमारी के दौरान मिली थी।