Highlights :
राजधानी भोपाल के तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से विदेशी नागरिक हुआ फरार।
6 नवंबर से पासपोर्ट और वीजा मामले हिरासत में था सैमुअल।
पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस ।
Foreign National Escapes in Bhopal : राजधानी भोपाल में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। भोपाल की पुराने इलाके में मौजूद तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर में रखा गया एक विदेशी नागरिक सैमुअल शनिवार सुबह फरार हो गया। वो 6 नवंबर से पासपोर्ट और वीजा से जुड़े मामले में हिरासत में था। उसके फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर लुकआउट नोटिस जारी किया है और तेजी से उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सैमुअल को 6 नवंबर को तलैया थाना क्षेत्र के डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। उसे राजस्व खुफिया निदेशालय ने वहां भेजा था। बताया गया है कि उसके पास भारत में प्रवेश होने के लिए से जुड़े वैध डॉक्यूमेंट्स नहीं थे। उसके पास न तो पासपोर्ट था और न ही वीजा। इसी वजह से उसे डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। शनिवार की सुबह वो वहां से फरार हो गया।
इस मामले में एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने बताया कि विदेशी नागरिक बीती रात डिटेंशन सेंटर से भाग गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार नागरिक के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 23B और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। मप्र पुलिस ने उसकी तलाश के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।
एसीपी संतोष पटेल के अनुसार डीसीपी जोन 3 ने मामले की प्राथमिक जांच अतिरिक्त डीसीपी जोन-3 को सौंपी है। जांच में ये पता लगाया जाएगा कि डिटेंशन सेंटर में रखे गए विदेशी नागरिक की निगरानी में कहां चूक हुई और फरारी के लिए कौन जिम्मेदार है। यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल शहर में बंदियों के फरार होने का ये पहला मामला नहीं है। अभी कुछ महीने पहले हमीदिया अस्पताल से भी एक बंदी जेल प्रहरी को धक्का देकर भाग गया था। हालांकि पुलिस ने उसे कुछ घंटे बाद पकड़ लिया था। तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से विदेशी नागरिक के फरार होने की घटना ने एक बार फिर पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।