Bhopal Stolen Activa : भोपाल में चोरी की एक एक्टिवा का मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। जिस गाड़ी की चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज हो चुकी थी, वह इसके बाद भी शहर की सड़कों पर दौड़ती रही। इतना ही नहीं, रोशनपुरा स्क्वायर पर इसी एक्टिवा से ट्रैफिक सिग्नल तोड़ा गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब स्कूटी मालिक के घर ई-चालान पहुंचा।
कोहेफिजा थाना क्षेत्र की रहने वाली नीलू साहू के घर 2 सितंबर को ई-चालान पहुंचा। चालान में रोशनपुरा स्क्वायर पर ट्रैफिक नियम तोड़ने की जानकारी थी। जब उन्होंने चालान के साथ लगी तस्वीर देखी तो गाड़ी पहचान ली। यह वही एक्टिवा थी, जिसकी चोरी की रिपोर्ट वह पहले ही पुलिस में दर्ज करा चुकी थीं।
ई-चालान की तस्वीर ने मामले को और गंभीर बना दिया। फोटो में चोरी हुई एक्टिवा चलाती एक युवती नजर आ रही है, जिसने पुलिस की वर्दी पहन रखी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्वीर में दिखाई दे रही युवती वास्तव में पुलिसकर्मी है या उसने किसी दूसरे मकसद से पुलिस की वर्दी पहन रखी थी।
नीलू साहू, पति सीया राम साहू, उम्र 32 साल, एयरपोर्ट रोड निवासी हैं और हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के मुताबिक 22 अगस्त की सुबह करीब 8:05 बजे वह एक्टिवा MP04-YY-5579 से ड्यूटी पर पहुंची थीं। उन्होंने अस्पताल परिसर के सामने गाड़ी खड़ी की और कार्यालय में हस्ताक्षर करने चली गईं। करीब 8:30 बजे लौटने पर एक्टिवा वहां नहीं मिली।
गाड़ी नहीं मिलने पर नीलू साहू ने अस्पताल परिसर और आसपास तलाश की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट में एक्टिवा के इंजन और चेसिस नंबर भी दर्ज किए। चोरी हुई गाड़ी नीले रंग की और 2026 मॉडल की है, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई गई है।
फरियादी के मुताबिक चोरी के समय गाड़ी पर काले रंग का एक बैग भी रखा हुआ था। इसमें आईफोन, सिम कार्ड, पेन ड्राइव, एसबीआई का एटीएम कार्ड और कार की डिजिटल चाबी समेत जरूरी सामान रखा था। एक्टिवा के साथ इन सामानों के चोरी होने की जानकारी भी पुलिस को दी गई थी।
गाड़ी चोरी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन 2 सितंबर को मिले ई-चालान ने जांच की दिशा बदल दी। चोरी के 11 दिन बाद रोशनपुरा स्क्वायर पर ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने के दौरान यही एक्टिवा कैमरे में कैद हुई। इससे साफ हुआ कि चोरी के बाद वाहन को शहर में इस्तेमाल किया जा रहा था।
ई-चालान की तस्वीर के आधार पर पुलिस अब गाड़ी चला रही युवती की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह पुलिस विभाग से जुड़ी है या नहीं। रोशनपुरा स्क्वायर के सीसीटीवी फुटेज और ई-चालान में दर्ज तस्वीर की मदद से युवती तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले में पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। चोरी के बाद एक्टिवा किसके पास रही, वह रोशनपुरा स्क्वायर तक कैसे पहुंची और पुलिस की वर्दी पहने युवती उसे क्यों चला रही थी, इसकी जांच की जा रही है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शोभाराम, क्रमांक 111 को सौंपी गई है। पुलिस अब चोरी की घटना से लेकर ई-चालान जारी होने तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।