

Rahul Gandhi Indore Program : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का दावा है कि एक लाख छात्रों और युवाओं का पंजीयन पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोलाराम उस्ताद मार्ग पर कार्यक्रम आयोजित कर जश्न मनाया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
एक लाख पंजीयन पूरे होने की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में आसपास के इलाकों से छात्र और युवा भी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में हुए पंजीयन से पता चलता है कि युवाओं में भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर असंतोष है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। उनके मुताबिक लोकसभा में राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया है। इससे छात्रों के बीच यह उम्मीद बनी है कि राहुल गांधी के जरिए उनकी समस्याओं और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज मिल सकती है।
पटवारी ने कहा कि एक लाख युवाओं का पंजीयन महज एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह छात्रों की भागीदारी और अपनी समस्याओं को सामने रखने की इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इंदौर में कार्यक्रम को लेकर युवाओं के बीच लगातार उत्साह बढ़ रहा है।
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा की केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के रवैये और नीतियों को लेकर छात्रों और युवाओं में नाराजगी है। चौकसे के मुताबिक कांग्रेस युवाओं की इस नाराजगी को उनकी समस्याओं और मांगों के साथ सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कांग्रेस इसे छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद और उनकी आवाज को मंच देने वाले कार्यक्रम के तौर पर प्रचारित कर रही है। एक लाख पंजीयन पूरे होने के बाद पार्टी अब कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी में जुट गई है।