Bhopal New Market Fire : भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठने लगीं और धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में आसपास की 5-6 दुकानें और 10-12 रेहड़ियां भी आ गईं। दुकान से सटे खेड़ापति हनुमान मंदिर की दीवार के कारण मंदिर आग की चपेट में आने से बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदारों के मुताबिक, आग सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान में लगी। इसके बाद आग ऊपर की ओर फैलते हुए आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। कुर्ता-पजामा, मोबाइल, बर्तन और रेडीमेड कपड़ों की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग लगते ही दुकान में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकल गए।
दुकान में दो गैस सिलेंडर रखे होने की बात सामने आई है। दुकानदारों के मुताबिक, दोनों सिलेंडरों में ब्लास्ट के बाद आग भड़कने की आशंका है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग लगने के एक घंटे से ज्यादा समय बाद भी दुकान से धुआं निकलता रहा और दमकलकर्मी आग को पूरी तरह बुझाने में जुटे रहे।
आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए 15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग काफी हद तक नियंत्रित होने के बाद भी दुकान के अंदर से धुआं निकलता रहा। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मी दुकान की दीवार तोड़कर अंदर तक पहुंचने की कोशिश भी करते रहे।
दुकानदारों का कहना है कि आग में करोड़ों रुपए का सामान जल गया। दिवाली के चलते कई दुकानों में बड़ी मात्रा में स्टॉक रखा हुआ था। चार मंजिला बर्तन की दुकान भी आग की चपेट में आने से नुकसान बढ़ गया। आसपास की 10-12 रेहड़ियां भी जलने की बात सामने आई है।
भोपाल में आग लगने की घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान की भट्टी में आग लगी थी। इसके बाद आग ऊपर तक फैल गई। उन्होंने नगर निगम की फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन उनके मुताबिक दमकल वाहन को पहुंचने में करीब आधा घंटा लगा। जैन ने आरोप लगाया कि चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने जाम के कारण दमकल वाहन को आने-जाने में परेशानी हुई।