Bhopal Intern Doctors Protest Update: राजधानी भोपाल में पिछले करीब तीन दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन का आखिरकार पटाक्षेप हो गया। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ हुई बातचीत के बाद इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 21,500 रुपये प्रतिमाह किए जाने पर सहमति बनी है। सरकार की ओर से इसे लेकर घोषणा के बाद प्रदर्शन स्थल पर इंटर्न डॉक्टरों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रेस वार्ता के दौरान स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की जानकारी दी। सामने आई जानकारी के मुताबिक स्टाइपेंड में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है।
सरकार की घोषणा के बाद कमला पार्क क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों ने खुशी जताई। प्रदर्शन स्थल पर डॉक्टरों के बीच जश्न का माहौल नजर आया। इसके बाद पुलिस ने सड़क को खाली करवाया और यातायात को सामान्य कराने की प्रक्रिया शुरू की। पिछले दो दिनों से कमला पार्क से लेकर रेतघाट और आसपास के मार्गों पर प्रदर्शन के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित था। मंगलवार को भी इस मार्ग पर भारी जाम की स्थिति बनी रही थी।
इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन उस समय और गरमा गया था, जब प्रदर्शन के दौरान पुलिस और डॉक्टरों के बीच टकराव हुआ। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था और लाठीचार्ज के आरोप भी सामने आए थे। घटना के वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस कार्रवाई की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने भी इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में मोर्चा संभाल लिया था। मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किए जाने और जांच टीम गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
हालांकि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाकर 21,500 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा और सहमति की जानकारी सामने आ गई है, लेकिन अब तक इसका औपचारिक लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में इंटर्न डॉक्टरों के लिए अगला इंतजार सरकार के लिखित आदेश का रहेगा। स्टाइपेंड कब से लागू होगा और भुगतान की प्रक्रिया क्या होगी, इसकी स्थिति भी औपचारिक आदेश जारी होने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल सरकार की घोषणा के बाद भोपाल में सड़क पर चल रहा इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन खत्म हो गया है और पुलिस ने भी प्रदर्शन स्थल से सड़क को खाली करा लिया है। लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे डॉक्टरों के लिए यह आंदोलन के बाद बड़ी राहत मानी जा रही है।