

CM Mohan Yadav Leaves For Sagar After Delhi Visit: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को सागर पहुंचेंगे, जहां हाल ही में हुए जहरीली शराब कांड में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 150 लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। मुख्यमंत्री अपने दिल्ली प्रवास के बाद शाम 4:20 बजे सागर के लिए रवाना हो चुके हैं।
सागर में वह शराब कांड की स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं तथा प्रशासनिक अधिकारियों से राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। सागर दौरे को शराब त्रासदी के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि घटना के बाद प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है और विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
बता दें कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर पहुंचते ही जहरीली शराब से प्रभावित मरीजों से उनका हाल जानेंगे। साथ ही डॉक्टरों से उनकी स्थिति की रिपोर्ट लेंगे। गौरतलब है कि, दिल्ली प्रवास से आने के तुरंत बाद ही सीएम मोहन यादव सागर के लिए रवाना हो गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अस्पताल परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पूरे परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव मरीजों से मुलाकात के साथ ही डॉक्टरों से इलाज और मरीजों की स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भोपाल के लिए रवाना होंगे। जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री का सागर दौरा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ विकासखंड के गांवों में जहरीली शराब पीने से 28 लोगों की मौत हो चुकी है। कई मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। हालांकि, प्रशासन ने अब तक 15 मौतों की पुष्टि की है।