MP Weather Update : मध्य प्रदेश में अगले चार दिन तेज बारिश का दौर, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Madhya Pradesh Weather News : मध्य प्रदेश में दो मानसूनी सिस्टम एक्टिव हैं। अगले चार दिन बारिश का दौर जारी रहेगा। निवाड़ी, टीकमगढ़ समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
MP Heavy Rain
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिशफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

MP Weather News Today : मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में मानसून के दो सिस्टम एक्टिव हैं। इनके असर से प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। सोमवार को रीवा और सागर संभाग के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मालवा-निमाड़ यानी इंदौर और उज्जैन संभाग में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे में निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

40 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। ग्वालियर-चंबल, नर्मदापुरम, जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

भोपाल में फिर खुले कलियासोत बांध के गेट

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। भोपाल में कलियासोत बांध के दो गेट फिर खोल दिए गए। इससे पहले शनिवार रात करीब 11 बजे चार गेट खोले गए थे, जिन्हें पानी छोड़ने के बाद रात 12 बजे एक-एक कर बंद कर दिया गया था। लगातार बारिश के कारण बांधों और नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

उज्जैन में ऐतिहासिक महाकाल द्वार गिरा

उज्जैन में बारिश के कारण महाकाल मंदिर से रामघाट जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक महाकाल द्वार शनिवार देर रात गिर गया। वहीं शिवपुरी के सिकराऊदा गांव में 21 वर्षीय राम रावत का शव गहलोनी के पास नदी किनारे मिला। वह शुक्रवार को रपटा पार करते समय तेज बहाव में बह गया था। SDERF ने शनिवार को सर्च ऑपरेशन चलाया था।

शाजापुर-मुरैना में भी बारिश का असर

शाजापुर के अकोदिया में रुक-रुककर बारिश होने से खेतों में पानी भर गया है। इससे सोयाबीन की फसल को नुकसान की आशंका है। मुरैना के कैलारस में खेरली-पचोखरा रोड पर गुराह नाले का पुल पानी में डूब गया। यहां लोग बड़ी कढ़ाही जैसे बर्तन में बैठकर रस्सी के सहारे नाला पार करते नजर आए।

MP Heavy Rain
मुरैना में बाढ़ का कहर: 4 फीट पानी के बीच कड़ाई में बैठकर रपटा पार कर रहे ग्रामीण, 13 लोगों का रेस्क्यू

23 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश

IMD के आंकड़ों के मुताबिक अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया समेत 23 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर प्रदेश के 32 जिलों में 2% से 23% तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में बारिश की कमी 54% तक है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में पूर्वी मध्य प्रदेश के बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com