भोपाल में सड़क को लेकर जनता का प्रदर्शन  (सोर्स- नवभारत लाइव)
भोपाल

Ground Report: नई सड़क बनाने के नाम पर उखाड़ दी पक्की सड़क, बाग मुगलिया में सड़क की बदहाली से परेशान रहवासी

Bag Mugaliya Road Condition: भोपाल के बाग मुगलिया में PWD का कारनामा, बनी सड़क उखाड़कर अधूरा छोड़ा निर्माण, उड़ती डस्ट से परेशान रहवासियों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन।

शिवम दत्त तिवारी, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • भोपाल की बाग मुगलिया एक्सटेंशन में सड़क निर्माण अधूरा।

  • दो साल पुरानी पक्की सड़क को पीडब्ल्यूडी ने उखाड़ा।

  • एक महीने से डस्ट और गिट्टी डालकर छोड़ा काम।

  • सड़क की बदहाली पर रहवासियों ने किया प्रदर्शन।

Old Road Dug Up for New Road Bhopal: राजधानी भोपाल की बाग मुगलिया एक्सटेंशन कॉलोनी में नई सड़क बनाने के नाम पर पहले से बनी पक्की सड़क को ही उखाड़ दिया गया। करीब एक महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने नई सड़क बनाने के लिए पुरानी सड़क की खुदाई तो कर दी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। नतीजा यह है कि सड़क पर जगह-जगह डस्ट और गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है।

इससे परेशान कॉलोनी के रहवासियों को रोजाना आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से नाराज महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में रहवासी सड़क पर उतर आए और पीडब्ल्यूडी के खिलाफ प्रदर्शन कर जिम्मेदारों से जवाब मांगा।

दो साल पहले बनी सड़क को फिर खोदा

रहवासियों के मुताबिक, करीब दो साल पहले ही राजधानी भोपाल की बाग मुगलिया एक्सटेंशन कॉलोनी कॉलोनी में पक्की डामर की सड़क बनाई गई थी। लेकिन लगभग एक महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने नई सड़क बनाने के नाम पर पहले से बनी सड़क को खोद दिया। शुरुआत में विभाग की ओर से यहां डामर की सड़क बनाने की तैयारी थी, जिसका रहवासियों ने विरोध किया। रहवासियों की मांग थी कि जब कॉलोनी के दूसरे हिस्सों में सीमेंट-कंक्रीट की सड़क बनाई जा रही है, तो उनके क्षेत्र में भी उसी तरह की सड़क बनाई जाए।

मांग मानी, लेकिन निर्माण कार्य फिर भी अधूरा

रहवासियों का कहना है कि काफी मशक्कत और लगातार विरोध प्रशासन ने उनकी सीमेंट-कंक्रीट सड़क बनाने की मांग मान तो ली, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य ही रुक गया। अब हालात यह हैं कि सड़क को खोदकर डस्ट और गिट्टी डाल दी गई है, लेकिन दोबारा निर्माण शुरू नहीं हो रहा। अधूरी सड़क के कारण धूल, गिट्टी और उबड़-खाबड़ रास्ते से लोगों को परेशानी हो रही है।

जनप्रतिनिधियों से अधिकारियों तक लगाई गुहार, नहीं मिला समाधान

कॉलोनी के सोशल वर्कर उमाशंकर तिवारी का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर छोटे से लेकर बड़े स्तर तक सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को पत्राचार के जरिए शिकायत की जा चुकी है। कई बार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि अब तो कई अधिकारियों ने उनके फोन का जवाब देना भी बंद कर दिया है।

रहवासियों का सवाल- सड़क बनानी थी तो पहले वाली क्यों तोड़ी?

प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का सवाल है कि जब पहले से पक्की सड़क मौजूद थी, तो नई सड़क बनाने के नाम पर उसे उखाड़कर लोगों की परेशानी क्यों बढ़ाई गई? अगर सीमेंट-कंक्रीट की सड़क बनाने का निर्णय हो चुका है, तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है? रहवासियों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा करे, ताकि उन्हें रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।

Delhi Rally: रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली; देशभर से जुटे विपक्षी नेता, CEC का इस्तीफा रहा मुद्दा

रामलीला मैदान रैली में 1 KM लंबी वोटर लिस्ट लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, देखें VIDEO

स्कूल में छात्रा पर आरी से हमला करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस के साथ मुठभेड़ में लगी 6 गोली; देखें VIDEO

समालखा: 79वें निरंकारी संत समागम के बाद 126 जोड़ों का विवाह, सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने दिया आशीर्वाद

न्याय के लिए दिल्ली आने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, CJI सूर्यकांत ने क्यों कही यह बात?