भोपाल में 75 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

भोपाल में 75 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, सोने के दांत तक उखाड़ ले गए बदमाश

Bhopal Crime News: भोपाल के शाहजहानाबाद में बुजुर्ग महिला की हत्या, सोने के गहने और नकली दांत का सोना गायब, नाइट ड्यूटी पर था मूक-बधिर बेटा। पुलिस जांच में जुटी।

सुधीर दंडोतिया, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • भोपाल के शाहजहानाबाद में 75 वर्षीय कलरी देवी फ्लैट में मृत मिलीं।

  • शुक्रवार सुबह पड़ोसन ने खुला दरवाजा देखकर दी पुलिस को सूचना।

  • महिला के गले पर चोट के निशान, शरीर पर कई वार के संकेत।

  • घर से सोने के गहने और नकली दांत में लगा सोना गायब।

Old Women Murder Case Bhopal: भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में 75 साल की बुजुर्ग महिला कलरी देवी की फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह पड़ोसन ने घर का दरवाजा खुला देखा तो अंदर उनका शव पड़ा मिला।

महिला के गले पर चोट के निशान थे और शरीर पर कई वार किए जाने के संकेत मिले हैं। घर से सोने के गहने और नकली दांत में लगा सोना भी गायब है। पुलिस को आशंका है कि लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसन ने दरवाजा खुला देखा, अंदर मिला शव

घटना राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद के वाजपेयी नगर मल्टी की है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पड़ोस में रहने वाली वर्षा ने कलरी देवी के फ्लैट का दरवाजा खुला देखा। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह फ्लैट में पहुंचीं तो कलरी देवी अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने शोर मचाकर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां संघर्ष के निशान भी मिले हैं।

मूक-बधिर बेटा नाइट ड्यूटी पर था

कलरी देवी की चार बेटियां और एक बेटा है। चारों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका इकलौता बेटा मूक-बधिर और अविवाहित है। वह श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। इन दिनों उसकी नाइट ड्यूटी चल रही थी, इसलिए घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस बेटे और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि महिला से मिलने कौन-कौन आता था।

सोने के दांत की जानकारी रखने वाले पर शक

पुलिस के मुताबिक, कलरी देवी के सोने के गहने गायब हैं। उनके नकली दांत में लगा सोना भी उखाड़कर ले जाने की आशंका है। जांच की जा रही है कि इसकी जानकारी किसे थी। पुलिस को किसी परिचित के शामिल होने का भी शक है, हालांकि अभी किसी की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।

मल्टी के सीसीटीवी बंद, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

करीब दो साल पहले इसी मल्टी में पांच साल की बच्ची की हत्या के बाद सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक वे फिलहाल बंद हैं। पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।

मुंबई हाई कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, BSE और अमिताभ बच्चन का जलसा भी निशाने पर

पटियाला में कर्मभूमी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, पंजाब से बिहार जा रही थी ट्रेन

गरीब प्रदूषण नहीं फैलाते... SC ने प्रदूषण पर दिल्ली सरकार को लगाई फटकार, बोले- कोई पाबंदी काम नहीं आएगी

Mini Cooper Crash Case: 3 लोगों को रौंदने वाले आरोपियों को जमानत, HC ने कहा- जनता की भावना से नहीं चलता कानून

UPSC CSE Mains Result जारी, इंटरव्यू राउंड के लिए 2,526 उम्मीदवारों का चयन; 11 नवंबर से ऐसे भर सकेंगे फॉर्म