जबलपुर: सरौली पंचायत में भारी उपद्रव, उग्र भीड़ ने तोड़े सीसीटीवी कैमरे और फर्नीचर; जेसीबी पर भी हमला

Sarauli Panchayat Unrest: जबलपुर के मझगवां में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, सरौली में उग्र भीड़ ने पंचायत भवन पर किया पथराव, तोड़फोड़ कर फर्नीचर और सीसीटीवी कैमरे फोड़े।
violent crowd vandalizes property in Sarauli Panchayat Jabalpur
सरौली पंचायत में भारी उपद्रव(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Sarauli Panchayat Mob Violence CCTV Damage: जबलपुर के मझगवां थाना क्षेत्र की सरौली पंचायत में अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम की कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने पंचायत कार्यालय पर पथराव कर दिया।

इस दौरान पंचायत भवन में घुसकर तोड़फोड़ भी की गई। जिससे वहां रखा फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे, और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस पूरे विवाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें भीड़ द्वारा पंचायत भवन की ओर पथराव और तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रही है।

एसडीएम के निर्देश पर हुई थी कार्यवाही

बताया जा रहा है कि एसडीएम के निर्देश पर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। टीम मौके पर अतिक्रमण हटाने में जुटी थी, इसी दौरान कुछ लोग कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सचिव और पंचों ने कमरे में छुपकर बचाई जान

आरोप है कि अतिक्रमण हटाने से नाराज भीड़ ने पंचायत कार्यालय को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। पंचायत भवन में मौजूद सचिव और पंचों ने खुद को एक कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। जब भीड़ वहां से बाहर निकली तब सचिव ने अधिकारियों को फोन करके पूरी घटना की जानकारी दी। वहीं अतिक्रमण हटाने वाली टीम पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान जेसीबी मशीन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पंचायत कर्मियों ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना के बाद मझगवां थाना पुलिस ने पंचायत कर्मियों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक चंदन वंशकार और खिलो बाई द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान बना लिए गए थे, जिसे हटाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए, मौके पर तहसीलदार भी मौजूद थे जिनके सामने कार्यवाही की जा रही थी। बहरहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com