

Highlights:
2017 बैच के IPS मलय जैन बने बालाघाट के नए एसपी
हॉक फोर्स बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार भी मिला
आदित्य मिश्रा का नौ दिन पहले हुआ था तबादला
सचिन अतुलकर को SAF ग्वालियर की अतिरिक्त जिम्मेदारी
वाहनी सिंह, प्रदीप शर्मा और नगेंद्र सिंह को भी अतिरिक्त प्रभार
Malay Jain Appointed New SP of Balaghat : मध्य प्रदेश सरकार ने आईपीएस अधिकारियों की पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार को लेकर आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी मलय जैन को बालाघाट का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उन्हें सेनानी, हॉक फोर्स बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। मलय जैन फिलहाल पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर पदस्थ थे।
करीब नौ दिन पहले राज्य सरकार ने बालाघाट के तत्कालीन एसपी आदित्य मिश्रा का तबादला कर उन्हें देवास पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके ट्रांसफर के बाद से बालाघाट में नए एसपी की नियुक्ति का इंतजार था। अब मलय जैन की पदस्थापना के साथ जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है।
नई जिम्मेदारी के तहत मलय जैन बालाघाट जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें सेनानी, हॉक फोर्स बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। हॉक फोर्स प्रदेश में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और अभियान संबंधी जिम्मेदारियां निभाती है।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सचिन कुमार अतुलकर, जो वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन मुरैना हैं, उन्हें वर्तमान जिम्मेदारी के साथ पुलिस महानिरीक्षक, एसएएफ ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी और उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा को वर्तमान कार्य के साथ सेनानी, 32वीं वाहिनी एसएएफ उज्जैन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, इसी बैच की आईपीएस अधिकारी वाहनी सिंह, एसपी पीटीसी इंदौर को पुलिस अधीक्षक, नारकोटिक्स मंदसौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद को नारकोटिक्स मंदसौर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी नगेंद्र सिंह, जो सेनानी 25वीं वाहिनी विसबल भोपाल के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें वर्तमान जिम्मेदारी के साथ पुलिस अधीक्षक, रेल भोपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।