HIGHLIGHTS
उत्तर भारत में वाराणसी की शाम का लें आनंद
पश्चिम भारत में जयपुर भी कर सकते हैं एक्सप्लोर
दक्षिण भारत के पुडुचेरी में घूमने के लिए है बहुत कुछ
पूर्वी भारत के दार्जिलिंग में लें खूबसूरत मौसम का आनंद
ऋषिकेश की गंगा आरती, भजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम हैं प्रसिद्ध
Best Places To Visit In India: भारत में घूमने के लिए बहुत कुछ है लेकिन सबसे बड़ी परेशानी अपने बजट मुताबिक अच्छी जगह चुनना है। आज हम आपको भारत में 5 जन्नत जैसी जगहों के बारे में बताएंगे जहां कम बजट में भी बड़े मजे से घूमा जा सकता है।
समय-समय पर घूमते रहना बेहद जरूरी है। ऐसे में यदि आप भी घूमने के शौकीन हैं तो इन जगहों को भी अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल कर लें।
1. ऋषिकेश- ऋषिकेश में आप 3,000-7,000 रुपए के बजट में बड़ी ही आसानी से घूम सकते हैं। यहां सस्ते दामों पर कई बेहतरीन विकल्प मौजूद है। परमार्थ निकेतन आश्रम जहां की प्रसिद्ध शाम की गंगा आरती, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होना बिल्कुल निशुल्क है।
राम झूला और लक्ष्मण झूला गंगा नदी पर बना प्रसिद्ध झूला है जहां पर टहलना और आसपास के नजारों का आनंद लेना पूरी तरह फ्री है। तेरा मंजिल मंदिर के दर्शन भी फ्री हैं और यहां से पूरे ऋषिकेश का सुंदर नजारा देखा जा सकता है।
वहीं नीर गढ़ वाटरफॉल जहां जंगलों से घिरे झरने को देखने के लिए टिकट शुल्क बहुत कम यानी लगभग 50 से 100 रुपए के आसपास है। बीटल्स आश्रम में भी आप 150 से 200 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क देकर घूम सकते हैं।
2. वाराणसी- वाराणसी में कम बजट में घूमना बहुत आसान है। यहां ज्यादातर मंदिर, घाट और सांस्कृतिक अनुभव बिल्कुल मुफ्त हैं।
यहां मुफ्त में घूमने वाली कुछ जगहों में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा घाट और गंगा आरती, संकटमोचन हनुमान मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, काल भैरव मंदिर, भारत माता मंदिर और दुर्गा मंदिर शामिल हैं। साथ ही साथ सारनाथ और बीएचयू परिसर में भी आप घूम सकते हैं।
3. जयपुर- जयपुर में अब आप लगभग 300 का सामान्य और छात्रों के लिए 50 रुपए का संयुक्त टिकट खरीदकर मजे से 2 दिन तक घूम सकते हैं।
इस टिकट को दिखाकर आप 2 दिनों तक हवा महल, जंतर-मंतर, आमेर फोर्ट, नाहरगढ़ फोर्ट, अल्बर्ट हॉल म्यूजियम, सिसोदिया गार्डन और विद्याधर गार्डन जैसी प्रमुख जगहें घूम सकते हैं।
4. पुडुचेरी- पुडुचेरी में कम बजट में और मुफ्त में भी घूमने के लिए कई खूबसूरत जगहें हैं। रॉक बीच पर आप सुबह-सुबह सूर्योदय का आनंद लेने और मॉर्निंग वॉक करने जा सकते हैं। यहां पर एंट्री फ्री है। शाम को लहरों की आवाज के साथ घूमने में आपको यहां आनंद आएगा।
व्हाइट टाउन की रंग-बिरंगी फ्रांसीसी शैलियां भी आर्कषण का केंद्र हैं। इतना ही नहीं इसके अलावा श्री अरबिंदो आश्रम, ऑरोविले, बेसिलिका ऑफ द सेक्रेड हार्ट ऑफ जीसस, बॉटनिकल गार्डन और ईडन बीच का भी आप लुत्फ उठा सकते हैं।
5. दार्जिलिंग- दार्जिलिंग में कम बजट में घूमने के लिए आप कम खर्चीले साधन चुनें। यहां 5,000 से 7,000 रुपए प्रति व्यक्ति के बजट में 2 से 3 दिन की ट्रिप आसानी से प्लान की जा सकती है।
कम बजट में घूमने के लिए कई जगहें मुख्य रूप से प्रसिद्ध हैं। जैसे- मॉल रोड और चौरस्ता, ऑब्जर्वेटरी हिल और महाकाल मंदिर, बटासिया लूप, हैप्पी वैली टी स्टेट, भोटिया बुस्टी और घूम मॉनेस्ट्री आदि जगहों पर आप कम बजट में भरपूर आनंद ले सकते हैं।
अगर आप स्मार्ट तरीके से ट्रिप प्लानिंग करें तो कम बजट में भी शानदार मेमोरी बनाई जा सकती है। ऑफ-सीजन में ट्रैवल करें, लोकल फूड खाएं और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। इससे आपका खर्च कम होगा और आप असली लोकल एक्सपीरियंस भी ले पाएंगे। ये भी ध्यान रखें कि ट्रेन या फ्लाइट टिकट पहले करें जिससे तत्काल अतिरिक्त किराया देने से बचा जा सके।