मधुमेह के लिए महत्वपूर्ण रक्त परीक्षण सोर्स- सोशल मीडिया
हेल्थ

Diabetes Tests: डायबिटीज का पता लगाने के लिए कौन से 4 ब्लड टेस्ट हैं सबसे जरूरी? क्या होनी चाहिए नॉर्मल रीडिंग

Diabetes Tests Guide: डायबिटीज की सही पहचान के लिए डॉक्टर 4 खास ब्लड टेस्ट करने की सलाह देते हैं। जानिए इन जांचों की नॉर्मल रीडिंग क्या है और किस उम्र में टेस्ट कराना जरूरी है।

विजय कुमार तिवारी, रूपम सिंह

Highlights

  • बिना लक्षण के शरीर में पनपती रहती है डायबिटीज

  • खाली पेट 126 से ज्यादा शुगर है डायबिटीज का संकेत

  • पिछले तीन महीने की औसत शुगर बताता है HbA1c टेस्ट

  • 30 साल की उम्र के बाद नियमित जांच कराना जरूरी

  • फैमिली हिस्ट्री या मोटापा होने पर हर साल कराएं टेस्ट

Diabetes Health Alert: मधुमेह यानी डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जो शुरुआती दौर में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर के अंदर धीरे-धीरे पनपती रहती है। ज्यादातर लोगों को इसके बारे में तब पता चलता है, जब शरीर में गंभीर दिक्कतें शुरू हो चुकी होती हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर जरूरी ब्लड टेस्ट करवाकर न सिर्फ डायबिटीज की सटीक पहचान की जा सकती है, बल्कि 'प्री-डायबिटीज' का पता लगाकर इस बीमारी को होने से रोका भी जा सकता है। इसलिए 30 की उम्र पार करते ही 4 तरह की जांच शुगर टेस्ट के लिए उपयोगी बतायी जाती हैं, जिससे प्री-डायबिटीज पकड़ में आ जाएगी और बड़ा खतरा समय से टाला जा सकता है।

FPG और HbA1c टेस्ट से मिलती है सही जानकारी

अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन और ICMR के मानकों के अनुसार, फास्टिंग प्लाज्मा ग्लूकोज (FPG) टेस्ट कम से कम 8 से 10 घंटे बिना कुछ खाए-पिए सुबह खाली पेट किया जाता है। इसमें 100 mg/dL से कम रीडिंग सामान्य, 100 से 125 प्री-डायबिटीज और 126 या उससे ज्यादा डायबिटीज मानी जाती है।

इसके साथ ही साथ दूसरा प्रमुख टेस्ट HbA1c है, जिसके लिए खाली पेट रहने की जरूरत नहीं होती। यह पिछले 2 से 3 महीनों के औसत शुगर स्तर को बताता है। इसमें 5.7% से कम सामान्य, 5.7% से 6.4% प्री-डायबिटीज और 6.5% या उससे अधिक डायबिटीज का संकेत देता है।

डायबिटीज HbA1c टेस्ट, प्रतीकात्मक तस्वीर

इसलिए होती है OGTT और RBS की जांच

इसी बीमारी के लिए होने वाला ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट (OGTT) यह जांचता है कि शरीर शुगर को कितनी अच्छी तरह पचाता है। इसमें पहले खाली पेट सैंपल लिया जाता है और फिर 75 ग्राम ग्लूकोज का घोल पिलाने के ठीक 2 घंटे बाद दोबारा खून की जांच होती है। गर्भवती महिलाओं में जेस्टेशनल डायबिटीज पकड़ने के लिए यह सबसे कारगर है। इसमें 140 mg/dL से कम सामान्य, 140 से 199 प्री-डायबिटीज और 200 या ज्यादा डायबिटीज है।

वहीं, रैंडम ब्लड शुगर (RBS) टेस्ट अधिक प्यास, बार-बार पेशाब या वजन घटने जैसे लक्षण दिखने पर बिना उपवास के कभी भी किया जाता है। इसमें 200 mg/dL या उससे अधिक रीडिंग डायबिटीज दर्शाती है।

मधुमेह के लिए महत्वपूर्ण रक्त परीक्षण

रिपोर्ट असामान्य आने पर क्या कहते हैं डॉक्टर

जांच के नतीजों को लेकर डॉक्टरों ने एक बेहद जरूरी बात स्पष्ट की है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में डायबिटीज के कोई बाहरी लक्षण नहीं दिख रहे हैं और किसी एक ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट असामान्य आती है, तो तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है।

ऐसी स्थिति में बीमारी की पक्की पुष्टि करने के लिए दूसरे दिन दोबारा जांच कराना अनिवार्य होता है। दो बार अलग-अलग जांच में रीडिंग ज्यादा आने के बाद ही डॉक्टर इलाज या दवाइयों की शुरुआत करते हैं।

30 की उम्र पार करते ही शुरू करें जांच

ICMR के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, भारतीय लोगों में कम उम्र में ही टाइप-2 डायबिटीज होने का जोखिम काफी अधिक रहता है। इसी वजह से हर व्यक्ति को 30 वर्ष की आयु पार करते ही अपनी नियमित ब्लड शुगर जांच शुरू कर देनी चाहिए। यदि शुरुआती जांच में आपकी रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य आती है, तो फिर निश्चिंत होकर हर 3 साल में एक बार दोबारा रूटीन चेकअप जरूर कराते रहें।

डायबिटीज, प्रतीकात्मक तस्वीर

इन खास स्थितियों में 30 साल से पहले कराएं शुगर टेस्ट

कुछ विशेष परिस्थितियों में लोगों को 30 वर्ष की उम्र का इंतजार किए बिना और हर साल अपनी जांच करानी चाहिए। यदि आपके माता-पिता या भाई-बहन को डायबिटीज है, आपका वजन ज्यादा है, पेट के आसपास चर्बी जमा है या शारीरिक मेहनत बहुत कम है, तो हर साल टेस्ट कराएं।

इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल के मरीजों और PCOS या गर्भावस्था के दौरान शुगर की शिकार रही महिलाओं को भी सालाना जांच करानी चाहिए। वहीं, प्री-डायबिटीज की श्रेणी में आ चुके लोगों को हर 6 महीने से 1 साल में अपना शुगर लेवल जरूर चेक कराना चाहिए।

वायु प्रदूषण से भारत को हर साल 24 लाख करोड़ का नुकसान! GDP का 6% हिस्सा धुएं में हो रहा बर्बाद

राहुल गांधी को मोदी फोबिया! राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों पर एकनाथ शिंदे का तीखा हमला

NCP विलय की अटकलों के बीच दिल्ली में बड़ी हलचल! सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल के बीच 35 मिनट तक हुई बैठक

Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी से आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट

Chhath Special: छठ पर बिहार जाने वालों को राहत, दिल्ली से चलेंगी 77 स्पेशल बसें, ट्रेन में वेटिंग का झंझट खत्म