

पुणे के वानवड़ी में दो मिठाई दुकानों से 93 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त।
50,860 रुपये की मिठाई मौके पर नष्ट, दोनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित।
मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए, रिपोर्ट के बाद गुणवत्ता स्पष्ट होगी।
Pune FDA Raid Wanowrie Sweet Shops: त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के वानवड़ी इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत दो मिठाई निर्माता प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 93 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त की गई। इसकी कीमत 50,860 रुपये आंकी गई है। प्रशासन ने जब्त मिठाई को मौके पर ही नष्ट कर दिया और दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए।
FDA पुणे परिमंडल-1 की टीम ने 10 नवंबर को जांभुलकर चौक, वानवड़ी गांव में यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई मेसर्स मां कराची स्वीट्स मार्ट में की गई। यहां से 18 किलो मोतीचूर के लड्डू और 5 किलो बर्फी सहित कुल 23 किलो मिठाई जब्त की गई। इसकी कीमत 15,800 रुपये बताई गई है।
इसके बाद मेसर्स श्री मोहन कराची स्वीट्स मार्ट पर छापा मारा गया। यहां से 41 किलो मोतीचूर की बूंदी और 29 किलो बर्फी जब्त की गई। कुल 70 किलो मिठाई की कीमत 35,060 रुपये आंकी गई।
FDA अधिकारियों के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। मिठाई जल्दी खराब होने वाली खाद्य सामग्री है, इसलिए जब्त स्टॉक को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि हो सकेगी।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी पी. एन. चव्हाण और पी. जे. जाधव की टीम ने की। अभियान सहायक आयुक्त एन. बी. खोसे के मार्गदर्शन और संयुक्त आयुक्त (खाद्य) एस. आर. करकले के निर्देश पर चलाया गया।
FDA ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हालांकि, दोनों दुकानों से जब्त मिठाइयों को संदिग्ध मानकर कार्रवाई की गई है, उनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।