दुनिया भर में 58.9 करोड़ वयस्क डायबिटीज की चपेट में हैं
8.98 करोड़ मरीजों के साथ भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर
भारत के करीब 43 प्रतिशत मरीजों को बीमारी का पता नहीं
चीन और भारत में रहते हैं दुनिया के 40% से ज्यादा मरीज
भारत में गोवा और केरल में सबसे ज्यादा है डायबिटीज की दर
Top 10 Diabetes Countries List: अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ के डायबिटीज एटलस के 11वीं रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में 20 से 79 वर्ष की आयु के लगभग 58.9 करोड़ लोग डायबिटीज से जूझ रहे हैं। अगर और आसान शब्दों में कहें तो दुनिया का हर 9 में से 1 वयस्क इस बीमारी का शिकार है।
इसके साथ-साथ हमारे देश भारत की स्थिति भी काफी गंभीर है। हमारे देश में 8.98 करोड़ मरीज हैं, जिसके साथ भारत पूरी दुनिया में दूसरे स्थान पर है। यह आंकड़ा दुनिया के हर 7 में से 1 मरीज और दक्षिण-पूर्व एशिया के कुल मरीजों के करीब 80% हिस्से के बराबर है।
इस रिपोर्ट का सबसे डराने वाला पहलू यह है कि बड़ी संख्या में लोगों को अपनी बीमारी की भनक तक नहीं है। IDF इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कुल मरीजों में से करीब 43% यानी लगभग 3.86 करोड़ लोगों को यह पता ही नहीं है कि वे डायबिटीज की चपेट में आ चुके हैं। समय पर जांच न होने के कारण यह बीमारी अंदर ही अंदर शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचाती रहती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता की कमी और नियमित हेल्थ चेकअप न कराने की आदत के कारण यह 'साइलेंट महामारी' तेजी से फैल रही है।
IDF डायबिटीज एटलस के 11वीं रिपोर्ट में 20 से 79 वर्ष के मरीजों के आधार पर दुनिया के टॉप-10 देशों की सूची जारी की गई है। इसमें चीन 14.80 करोड़ मरीजों के साथ पहले और भारत 8.98 करोड़ मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद तीसरे नंबर पर अमेरिका है, जहां पर 3.85 करोड़ लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं।
इसके साथ ही साथ चौथे नंबर पर पाकिस्तान है, जहां 3.45 करोड़ मरीज हैं, वहीं पांचवें स्थान पर 2.04 करोड़ मरीजों के साथ इंडोनेशिया बताया जा रहा है। छठे स्थान पर ब्राजील है, जहां 1.66 करोड़ रोगी हैं। वहीं सातवें पर बांग्लादेश बताया जा रहा है, जहां पर 1.39 करोड़ रोगी हैं। आठवें पायदान पर 1.36 करोड़ रोगियों के साथ मेक्सिको और नौवें स्थान पर मिस्र है, जहां पर 1.32 करोड़ मरीज हैं। वहीं दसवें स्थान पर जापान बताया जा रहा है, जहां पर 1.08 करोड़ मरीज बताए जा रहा हैं।
इन सबमें चौंकाने वाली बात यह है कि दुनिया के कुल मरीजों में से करीब 68% सिर्फ इन्हीं 10 देशों में हैं, जबकि अकेले चीन और भारत में दुनिया के 40% से अधिक मरीज रहते हैं।
देश के भीतर अलग-अलग राज्यों में डायबिटीज के फैलाव को लेकर ICMR-INDIAB अध्ययन के आंकड़े भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस अध्ययन के मुताबिक, भारत के वयस्कों में डायबिटीज की औसत दर 11.4% दर्ज की गई है। यदि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें, तो गोवा में सबसे ज्यादा 26.4%, पुडुचेरी में 26.3% और केरल में 25.5% वयस्क इस बीमारी से पीड़ित हैं।
वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में इसकी दर सबसे कम यानी महज 4.8% पाई गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र में यह दर 8.4 प्रतिशत है। अन्य राज्यों में भी बदलती जीवनशैली के कारण इस बीमारी का जोखिम लगातार बना हुआ है।
आने वाले दशकों को लेकर IDF डायबिटीज एटलस ने जो अनुमान जताया है, वह स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी चेतावनी है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2050 तक दुनिया भर में डायबिटीज मरीजों की संख्या 589.0 मिलियन से बढ़कर 853.0 मिलियन तक पहुंच जाएगी।
इस दौरान भारत में मरीजों की संख्या में करीब 74.5% का भारी उछाल आने की आशंका है, जिससे यह आंकड़ा 8.98 करोड़ से बढ़कर 15.67 करोड़ हो सकता है। वहीं, चीन में भी मरीजों की संख्या 148.0 मिलियन से बढ़कर 168.3 मिलियन तक पहुंचने का अनुमान है।
आज इस बीमारी से बचने के लिए समय रहते खान-पान और दिनचर्या सुधारना बेहद जरूरी हो गया है। यही विश्व डायबिटीज दिवस 2026 मनाने का उद्देश्य है।