World Diabetes Day: भारत में करीब 4 करोड़ लोगों को पता ही नहीं कि उन्हें डायबिटीज है, कैसे टल सकता है खतरा?

World Diabetes Day 2026: विश्व मधुमेह दिवस 2026 पर चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। भारत के करीब 43% मरीज अपनी बीमारी से अनजान हैं। जानिए इसके शुरुआती लक्षण और बचाव के आसान तरीके।
World Diabetes Day 2026
विश्व मधुमेह दिवसडिजाइन फोटो
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • हर साल 14 नवंबर को मनाया जाता है विश्व मधुमेह दिवस

  • 2026-27 की थीम है मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई करना

  • दुनिया में 58.9 करोड़ वयस्क डायबिटीज की चपेट में हैं

  • भारत के 43 प्रतिशत मरीजों को बीमारी का पता नहीं

  • समय पर जांच से टल सकता है किडनी-हार्ट का खतरा

World Diabetes Day 2026 Theme: दुनिया भर में किसी महामारी की तरह तेजी से फैल रही मधुमेह यानी डायबिटीज की बीमारी के प्रति लोगों को सतर्क करने के लिए हर साल 14 नवंबर को 'विश्व मधुमेह दिवस' मनाया जाता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और WHO ने 2026-27 के लिए आधिकारिक थीम Early Action on Diabetes तय की है। दुनिया भर में चलाए जा रहे इस अभियान का सबसे मुख्य मकसद बीमारी की शुरुआती दौर में ही पहचान करना, इसके बढ़ते जोखिम को कम करना और मरीजों को सही समय पर बेहतर इलाज मुहैया कराना है।

देश-दुनिया में ही नहीं.. भारत में भी तेजी से बढ़ रहे मरीज

अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ की ताजा रिपोर्ट के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में 20 से 79 वर्ष की आयु के करीब 58.9 करोड़ लोग डायबिटीज के साथ जी रहे हैं, यानी दुनिया का हर 9 में से 1 वयस्क व्यक्ति इसका शिकार बनता जा रहा है। एक अनुमान है कि 2050 तक यह आंकड़ा 85.3 करोड़ तक पहुंच जाएगा। लेकिन सबसे डराने वाली बात यह है कि इनमें से 40% से ज्यादा लोगों को खुद ही नहीं पता कि उन्हें डायबिटीज है।

मरीजों के मामले में भारत दूसरे नंबर पर

भारत में भी इस बीमारी की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। हमारा देश 8.98 करोड़ मरीजों के साथ पूरी दुनिया में दूसरे स्थान पर है। यह संख्या दुनिया के हर 7 में से 1 मरीज और दक्षिण-पूर्व एशिया के कुल मरीजों के करीब 80% हिस्से के बराबर है। चिंता की बात यह है कि भारत के इन 8.98 करोड़ मरीजों में से करीब 43 प्रतिशत अपनी बीमारी से पूरी तरह अनजान हैं। इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि 2050 तक भारत में मरीजों की संख्या बढ़कर 15.67 करोड़ हो जाएगी।

World Diabetes Day 2026
स्वास्थ्य केंद्रों में बालरोग विशेषज्ञों का अभाव, ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूतीकरण की आवश्यकता

भारत के किस राज्य में सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम है खतरा

देश में डायबिटीज के फैलाव को लेकर किए गए ICMR-INDIAB अध्ययन के नतीजे भी काफी अहम हैं। इस अध्ययन के अनुसार, भारत के वयस्कों में डायबिटीज की औसत दर 11.4% है। अगर राज्यों के हिसाब से देखें, तो गोवा में सबसे ज्यादा 26.4%, पुडुचेरी में 26.3% और केरल में 25.5% लोग इसकी चपेट में हैं। वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में इसकी दर सबसे कम यानी 4.8% दर्ज की गई है। ये आंकड़े बताते हैं कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जीवनशैली के हिसाब से बीमारी का असर अलग है।

In which Indian state is the risk the highest, and where is it the lowes
समय-समय पर जांचडिजाइन फोटो

समय-समय पर जांच ही सबसे बड़ा बचाव

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का साफ कहना है कि टाइप-2 डायबिटीज अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर के अंदर धीरे-धीरे पनपती है। कई बार लोगों को इसका पता तब चलता है, जब शरीर में गंभीर दिक्कतें शुरू हो चुकी होती हैं। IDF के आंकड़े बताते हैं कि टाइप-2 डायबिटीज की पहचान होने तक करीब 50% मरीजों में पहले से ही कोई न कोई गंभीर समस्या पैदा हो चुकी होती है।

हर एक चिकित्सक का कहना है कि अगर समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच करा ली जाए, तो प्री-डायबिटीज अवस्था में ही खान-पान सुधारकर और रोजाना कसरत करके इस बीमारी को टाला जा सकता है। समय पर इलाज मिलने से हार्ट अटैक, किडनी फेलियर, आंखों की रोशनी जाने और नसों से संबंधित जानलेवा खतरों से आसानी से बचा जा सकता है।

Periodic check-ups are the best form of protection
शुरुआती संकेतों को न करें नजरअंदाजSource: Pinterest

शरीर के इन शुरुआती संकेतों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

विश्व स्वास्थ्य संगठन और डॉक्टरों ने आम लोगों से अपील की है कि वे शरीर में दिखने वाले शुरुआती बदलावों को हल्के में न लें। अगर आपको सामान्य से ज्यादा बार-बार प्यास लग रही है और मुंह सूख रहा है, या फिर बार-बार पेशाब जाना पड़ रहा है, तो यह खतरे की घंटी हो सकती है। ऐसे कोई भी संकेत दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Early symptoms of diabetes
डायबिटीज प्रारंभिक लक्षणडिजाइन फोटो

डायबिटीज के प्रारंभिक लक्षण

  • अगर आपको सामान्य से ज्यादा बार-बार प्यास लग रही है और मुंह बार-बार सूख रहा है।

  • आपको फिर बार-बार पेशाब जाना पड़ रहा है

  • बिना किसी वजह के तेजी से वजन कम हो रहा है।

  • हर वक्त बहुत ज्यादा थकान व कमजोरी महसूस हो रही है।

  • आंखों के सामने धुंधलापन छाने लग रहा है।

  • शरीर में लगा कोई घाव का बहुत देरी से भर रहा है।

World Diabetes Day 2026
Bhandara News: आंगनवाड़ी में 8 रुपए में पौष्टिक भोजन देना मुश्किल, महिला बचत समूहों ने दिया धरना

रोजाना 30 मिनट की कसरत से रुक सकती है यह 'साइलेंट महामारी'

IDF द्वारा इस साल जारी एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि जो लोग डायबिटीज के खतरे की जद में हैं, उनमें से ज्यादातर यह मानने को ही तैयार नहीं होते कि उन्हें यह बीमारी हो सकती है। यही लापरवाही आगे चलकर भारी पड़ती है।

विश्व मधुमेह दिवस 2026 का संदेश एकदम साफ है कि बीमारी के गंभीर होने का इंतजार न करें। नियमित रूप से अपना ब्लड शुगर चेक कराएं, संतुलित और पौष्टिक भोजन लें और रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने या शारीरिक मेहनत करने को अपनी आदत बनाएं। आज उठाया गया एक छोटा सा कदम आपके आने वाले कल को सुरक्षित रख सकता है।